Anurag Kashyap के खिलाफ वारंट जारी, एक्टर-डायरेक्टर की बढ़ीं मुश्किलें, 'ब्राह्मण समाज' पर ये क्या कह दिया था?

Anurag Kashyap: बॉलीवुड के चर्चित फिल्ममेकर और एक्टर अनुराग कश्यप कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। गुजरात के सूरत की एक अदालत ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया है। ये कार्रवाई सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समुदाय को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने से जुड़े मामले में की गई है। बताया जा रहा है कि अदालत की ओर से बार-बार समन भेजे जाने के बावजूद अनुराग कश्यप सुनवाई के लिए पेश नहीं हुए। इसी के बाद अदालत ने उनके खिलाफ ये कदम उठाया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 24 दिसंबर 2026 को होगी।

अनुराग कश्यप के खिलाफ जमानती वारंट जारी
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जेवी चौहान ने अनुराग कश्यप के खिलाफ जमानती वारंट जारी करने का आदेश दिया है। फिल्ममेकर को अदालत की ओर से पहले भी पेश होने के निर्देश दिए गए थे। यहां तक कि अखबार के माध्यम से सार्वजनिक समन भी प्रकाशित कराया गया था लेकिन इसके बावजूद उनकी मौजूदगी दर्ज नहीं हुई।

Anurag Kashyap

किन कानूनी धाराओं के तहत शुरू हुई कार्रवाई?

-इस मामले की शुरुआत वकील कमलेश रावल की शिकायत से हुई थी। रावल बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कानूनी सलाहकार बताए जाते हैं। उन्होंने अदालत में आवेदन देकर अनुराग कश्यप के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

-मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने मई 2026 में अनुराग कश्यप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 192 और धारा 352 के तहत मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था। शिकायत में अलग-अलग समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ाने और शांति भंग करने के इरादे से अपमानजनक टिप्पणी करने जैसे आरोप लगाए गए हैं। इसके बाद अदालत ने फिल्ममेकर को समन जारी कर सुनवाई के लिए उपस्थित होने को कहा था।

बार-बार समन के बावजूद कोर्ट नहीं पहुंचे अनुराग

-शिकायतकर्ता कमलेश रावल के मुताबिक शुरुआत में अदालत में एक आवेदन देकर अनुराग कश्यप की मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग की गई थी। इसके बाद न्यायिक प्रक्रिया के तहत उन्हें समन भेजा गया लेकिन वह अदालत में पेश नहीं हुए।

-जब समन के बावजूद अनुराग कश्यप की उपस्थिति नहीं हुई तो अदालत ने अखबार में सार्वजनिक समन प्रकाशित कराने का निर्देश दिया। शिकायतकर्ता पक्ष ने एक प्रमुख समाचार पत्र में समन प्रकाशित भी करवाया। इसके बावजूद अनुराग कश्यप सुनवाई में शामिल नहीं हुए। सोमवार को भी उनकी गैरमौजूदगी के बाद अदालत ने जमानती वारंट जारी कर दिया।

क्या है जमानती वारंट और अनुराग कश्यप को क्या करना होगा?

जमानती वारंट अदालत की ओर से जारी किया जाने वाला ऐसा आदेश है, जिसके तहत संबंधित व्यक्ति को अदालत के सामने पेश होना होता है। इसमें निर्धारित जमानत राशि या शर्तों को पूरा करके जमानत हासिल करने का प्रावधान होता है। हालांकि इसका मतलब ये नहीं है कि आरोपी को दोषी करार दे दिया गया है। मामले में आरोपों पर फैसला न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा। फिलहाल अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई 24 दिसंबर 2026 तय की है।

'फुले' फिल्म के ट्रेलर के बाद शुरू हुआ था विवाद

-दरअसल अनुराग कश्यप से जुड़ा ये विवाद 16 अप्रैल 2025 को एक्स हैंडल पर की गई एक टिप्पणी से शुरू हुआ था। उस समय हिंदी फिल्म 'फुले' का ट्रेलर रिलीज हुआ था। फिल्म के कुछ हिस्सों को लेकर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज और विप्र सेना नाम के संगठनों ने आपत्ति जताई थी।

-इसी विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग कश्यप ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फिल्ममेकर ने अपनी पोस्ट में ब्राह्मण समुदाय को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था, जिससे पूरे समुदाय की भावनाएं आहत हुई थीं।

'ब्राह्मण होकर तुमने क्या हासिल कर लिया?'

-कमलेश रावल की शिकायत के मुताबिक अनुराग कश्यप की पोस्ट पर आदित्य नाम के एक व्यक्ति ने आपत्ति जताई थी। इसके जवाब में फिल्ममेकर ने कथित तौर पर गुस्से में टिप्पणी करते हुए उससे पूछा था- ब्राह्मण होकर तुमने क्या हासिल कर लिया?

-शिकायतकर्ता का कहना है कि अनुराग कश्यप की इस प्रतिक्रिया को केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं माना जा सकता बल्कि इससे पूरे ब्राह्मण समुदाय का अपमान हुआ है। उनका आरोप है कि इस तरह की टिप्पणियों से समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच तनाव और वैमनस्य बढ़ सकता है।

-याचिकाकर्ता ने अदालत में ये भी दलील दी कि अनुराग कश्यप एक चर्चित एक्टर, निर्देशक और निर्माता हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर उनके बयान का व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी टिप्पणियों से सामाजिक सद्भाव और शांति प्रभावित होने की आशंका पैदा हुई।

विवाद बढ़ने के बाद अनुराग कश्यप ने मांगी थी माफी

-सोशल मीडिया पर अपनी टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ने के कुछ दिनों बाद अनुराग कश्यप ने ब्राह्मण समुदाय से माफी भी मांगी थी। उन्होंने स्वीकार किया था कि गुस्से में प्रतिक्रिया देते समय उन्होंने अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और अपनी बात रखने के दौरान मर्यादा पार कर दी।

-हालांकि माफी के बावजूद इस मामले में कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ती रही। अब अदालत की ओर से जमानती वारंट जारी किए जाने के बाद एक बार फिर अनुराग कश्यप का यह पुराना विवाद चर्चा में आ गया है। आने वाली 24 दिसंबर 2026 की सुनवाई में इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पर नजर रहेगी।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+