13 साल के रिलेशन के बाद शादी करने जा रहीं अनिल कपूर की बेटी, जानें कौन हैं दामाद करण बूलानी
मुंबई, 14 अगस्त: लॉकडाउन हटने के बाद से बॉलीवुड में शादियों का सिलसिला जारी है। इस बीच शनिवार को अनिल कपूर की छोटी बेटी रिया शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। वो लंबे वक्त से करण बूलानी को डेट कर रही थीं। कुछ महीने पहले ही उन्होंने शादी करने का फैसला किया। ये पूरा समारोह अनिल के जुहू स्थित घर में होगा। जिसमें कुछ करीबी दोस्त और रिश्तेदार शामिल होंगे।
Recommended Video

डायरेक्टर और प्रोड्यूसर हैं बूलानी
वहीं रिया की शादी की खबर सामने आते ही, करण बूलानी सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। लोग ये तलाश कर रहे कि आखिर बूलानी हैं कौन, जो अनिल कपूर के दामाद बनने जा रहे। वैसे जो लोग बॉलीवुड में गहरी दिलचस्पी रखते हैं, वो बूलानी को अच्छी तरह से जानते हैं। वो डायरेक्टर के साथ बॉलीवुड के जाने-माने प्रोड्यूसर भी हैं। रिया उनके साथ पिछले 13 साल से रिलेशन में हैं।

22 साल में बनाया रिकॉर्ड
करण का जन्म 1982 में हुआ था। कम उम्र में ही उन्होंने फिल्मी दुनिया में जाने का फैसला कर लिया, ऐसे में जब वो 22 साल के हुए तो उन्होंने 500 से ज्यादा विज्ञापनों का निर्माण कर लिया था। उन्होंने 38 देशों में अपने प्रोजेक्ट्स को पूरा किया। फिर वो ऑस्ट्रेलिया की बॉन्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ने चले गए।

फिल्म ने जीता अवॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया में करण ने फिल्म और टेलीविजन में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने कई शॉर्ट फिल्मों का निर्माण किया, जिसमें सबसे ज्यादा नाम La fourchette ने कमाया। इस फिल्म को न्यूयॉर्क शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला था। पढ़ाई के बाद वो फिर से भारत में शिफ्ट हो गए और विज्ञापनों का निर्देशन करने लगे। उन्होंने कई अच्छी डॉक्यूमेंट्री भी बनाई हैं। साथ ही सिर्फ 27 साल की उम्र में इंडियन डॉक्यूमेंट्री प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के एग्जीक्यूटिव बोर्ड के सबसे युवा मेंबर बन गए।

आयशा में भी किया था काम
2016 में अनिल कपूर की टीवी सीरीज 24 आई थी। जिसका डायरेक्शन करण ने ही किया था। इसके बाद 2018 में उन्होंने सिलेक्शन डे नाम की सीरीज बनाई, जो नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई। साथ ही उसने काफी अच्छा बिजनेस किया। वहीं 11 साल पहले सोनम और रिया की फिल्म आयशा रिलीज हुई थी, जिसमें करण ने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया था।

नहीं छिपाया रिश्ता
आमतौर पर बॉलीवुड स्टार्स जब किसी को डेट करते हैं, तो वो अपना रिश्ता छिपाते रहते हैं, लेकिन रिया और करण ने कभी ऐसा नहीं किया। वो पिछले 13 साल से साथ हैं। वो एक-दूसरे की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। बहुत से मौकों पर करण कपूर फैमिली के साथ भी नजर आए।












Click it and Unblock the Notifications