पद्मभूषण Anant Nag को दादासाहेब फाल्के सम्मान, PM मोदी ने दी बधाई, बैंकर कैसे बना इत्तेफाक से एक्टर?

Anant Nag Dadasaheb Phalke Award: कभी पढ़ाई में पिछड़ने पर परिवार और शिक्षक कहते थे- अभिनेता बन जाओ। तब शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि यह बात एक दिन सचमुच उनकी जिंदगी की पहचान बन जाएगी। जिस लड़के को शुरुआत में अभिनय अपने करियर का तय रास्ता नहीं लगता था, वह आगे चलकर कन्नड़ सिनेमा का ऐसा नाम बना, जिसने पांच दशक से ज्यादा समय तक पर्दे पर अलग-अलग किरदारों को अपनी आवाज, चेहरे और सहज अभिनय से यादगार बनाया। यह कहानी है अनंत नाग की।

भारतीय सिनेमा में पांच दशक से ज्यादा लंबा सफर तय कर चुके दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024 से सम्मानित किया जाएगा। भारत सरकार ने दादासाहेब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश पर यह घोषणा की है। यह सम्मान उन्हें भारतीय सिनेमा में उनके योगदान और शानदार सिनेमाई यात्रा के लिए दिया जा रहा है। पुरस्कार 22 सितंबर 2026 को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रदान किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अनंत नाग को बधाई दी है। उन्होंने उनके सहज अभिनय, बहुमुखी प्रतिभा और कई दशकों के योगदान को याद करते हुए कहा कि अनंत नाग ने भारतीय सिनेमा, खासकर कन्नड़ सिनेमा पर गहरी छाप छोड़ी है।

anant-nag-dadasaheb-phalke-award

यह सम्मान ऐसे समय मिला है, जब अनंत नाग पहले ही 2025 में पद्मभूषण से सम्मानित हो चुके हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 27 मई 2025 को उन्हें कला के क्षेत्र में पद्मभूषण प्रदान किया था। लेकिन सवाल यह है कि अनंत नाग आखिर एक्टर बने कैसे?

एक्टर बनना था ही नहीं, फिर रंगमंच ने रास्ता बदल दिया

4 सितंबर 1948 को जन्मे अनंत नाग का शुरुआती जीवन कर्नाटक के तटीय इलाके और मुंबई के बीच बीता। उनका परिवार कोंकणी भाषी था। बचपन के शुरुआती वर्षों का एक बड़ा हिस्सा आनंदाश्रम और चित्रापुर मठ के वातावरण में बीता। बाद में उन्होंने तटीय कर्नाटक में पढ़ाई की और फिर मुंबई चले गए। मुंबई पहुंचने के बाद उनकी पढ़ाई का अनुभव बहुत आसान नहीं रहा। कन्नड़ माध्यम से अंग्रेजी माध्यम में आने के बाद उन्हें पढ़ाई में परेशानी हुई। इसी दौरान थिएटर से उनका रिश्ता बनना शुरू हुआ।

और यहीं से कहानी ने मोड़ लिया....

अनंत नाग ने थिएटर में छोटे-बड़े किरदार करने शुरू किए। उन्हें धीरे-धीरे मंच पर वह आत्मविश्वास मिलने लगा, जो पढ़ाई के दौरान कमजोर पड़ गया था। 18 साल की उम्र में उन्हें एक नाटक में संत चैतन्य महाप्रभु की भूमिका मिली। इसके बाद बुद्ध और दूसरे किरदारों में भी काम किया। अगले पांच साल में उन्होंने करीब 50 नाटकों में अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं। यानी जिस अभिनय को उन्होंने शुरुआत में करियर का लक्ष्य नहीं बनाया था, वही धीरे-धीरे उनकी सबसे बड़ी पहचान बनता गया।

'इत्तेफाक से एक्टर बना...'

अनंत नाग ने अपने अभिनय सफर को कई मौकों पर लगभग इसी अंदाज में याद किया है कि वे इत्तेफाक से अभिनेता बने। थिएटर ने उन्हें अभिनय की बारीकियां सिखाईं। इसी दौर में उनकी मुलाकात और काम का सिलसिला ऐसे लोगों के साथ बना, जिन्होंने भारतीय रंगमंच और समानांतर सिनेमा को नई दिशा दी। सत्यदेव दुबे, अमोल पालेकर, गिरीश कर्नाड और श्याम बेनेगल जैसे नाम उनके शुरुआती सफर से जुड़े। अनंत नाग के लिए थिएटर सिर्फ फिल्मों तक पहुंचने का जरिया नहीं था। यह वह जगह थी, जहां उन्होंने खुद को एक अभिनेता के रूप में पहचाना।

उन्होंने बाद में अभिनय के अपने तरीके को समझाते हुए कहा कि भूमिका की तैयारी के लिए समझदारी जरूरी है, लेकिन कैमरे के सामने अभिनय करते समय सहजता काम आती है। यही शायद उनके अभिनय की सबसे खास पहचान भी बनी 'बनावटीपन से दूर, बिल्कुल सहज अभिनय'।

'संकल्प' से शुरुआत, 'अंकुर' ने बदल दी पहचान

कन्नड़ सिनेमा में अनंत नाग की फिल्मी शुरुआत 'संकल्प' (1973) से हुई। इसके अगले ही साल उन्हें श्याम बेनेगल की 'अंकुर' (1974) में काम करने का मौका मिला। 'अंकुर' सिर्फ एक फिल्म नहीं थी। यह उस दौर के भारतीय समानांतर सिनेमा की महत्वपूर्ण फिल्मों में गिनी गई। फिल्म में अनंत नाग ने सूर्या का किरदार निभाया था, जबकि शबाना आजमी ने लक्ष्मी की भूमिका निभाई। फिल्म ने सामाजिक असमानता, जाति और ग्रामीण सामंती व्यवस्था जैसे मुद्दों को केंद्र में रखा। 'अंकुर' के बाद अनंत नाग का नाम हिंदी दर्शकों तक भी पहुंचा। इसके बाद श्याम बेनेगल के साथ उनका रिश्ता आगे बढ़ा और 'निशांत', 'मंथन', 'भूमिका' और 'कलयुग' जैसी फिल्मों में उन्होंने काम किया। यहीं से यह साफ हो गया कि अनंत नाग सिर्फ एक क्षेत्रीय अभिनेता बनकर नहीं रहने वाले हैं।

आर्ट फिल्म से लेकर कॉमेडी तक, हर रंग में दिखे

अनंत नाग की सबसे बड़ी ताकत शायद यही रही कि उन्होंने खुद को किसी एक तरह के किरदार तक सीमित नहीं किया। गंभीर भूमिकाएं हों या कॉमेडी, पारिवारिक ड्रामा हो या थ्रिलर, उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। उनकी चर्चित फिल्मों में 'हंसागीते', 'कन्नेश्वरा रामा', 'मिंचिना ओटा', 'बारा', 'बेलाडिंगला बाले', 'अनाहत', 'स्वाति थिरुनल', 'कलयुग', 'एक्सीडेंट', 'गौरी गणेश', 'गणेशना मदुवे', 'मालगुडी डेज', 'मुंगारू माले', 'गोधी बन्ना साधारण मायकट्टु' और 'KGF: Chapter 1' जैसी फिल्में शामिल हैं। उन्होंने कन्नड़ के अलावा हिंदी और दूसरी भारतीय भाषाओं की फिल्मों में भी काम किया।

'मिंचिना ओटा' में चोर, 'बेलाडिंगला बाले' में रहस्य

अनंत नाग की फिल्मों की विविधता को समझना हो तो उनकी कुछ फिल्मों को याद करना जरूरी है।'मिंचिना ओटा' में कहानी छोटे-मोटे चोरों और एक मैकेनिक के इर्द-गिर्द घूमती है। चोरी की कार, भागते किरदार और पुलिस से बचने की कोशिश, फिल्म कॉमेडी और क्राइम को साथ लेकर चलती है। फिल्म का निर्देशन उनके भाई शंकर नाग ने किया था। वहीं 'बेलाडिंगला बाले' में कहानी एक ग्रैंडमास्टर रेवंत की है, जिसे फोन पर एक रहस्यमयी महिला कॉल करती है। वह महिला खुद को सामने नहीं आने देती और उसे सुरागों के जरिए अपनी पहचान खोजने की चुनौती देती है। एक तरफ हास्य और क्राइम की कहानी, दूसरी तरफ रहस्य और रोमांस...अनंत नाग दोनों तरह की दुनिया में सहज दिखाई दिए।

'कलयुग' से 'अनाहत' तक, किरदार बदलते रहे

श्याम बेनेगल की 'कलयुग' में उन्होंने ऐसे कारोबारी परिवार की कहानी का हिस्सा बनकर काम किया, जहां रिश्तेदारी के साथ कारोबार की दुश्मनी भी जुड़ी हुई है। फिल्म लाइसेंस-राज के दौर की कारोबारी व्यवस्था और दो परिवारों के संघर्ष को सामने रखती है। वहीं 'अनाहत' ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म है, जिसकी कहानी 10वीं सदी के मल्ल साम्राज्य के समय की है। फिल्म में सत्ता, उत्तराधिकारी और नियोग जैसी सामाजिक प्रथाओं के बीच रिश्तों और इच्छाओं का संघर्ष दिखाया गया है। यही विविधता अनंत नाग के लंबे करियर को खास बनाती है।

2016 में फिर चौंकाया- अल्जाइमर मरीज का किरदार

उम्र बढ़ने के साथ कई अभिनेता एक तरह के किरदारों में सीमित हो जाते हैं। अनंत नाग के साथ ऐसा नहीं हुआ। 2016 में हेमंत राव की फिल्म 'गोधी बन्ना साधारण मायकट्टु' में उन्होंने अल्जाइमर से जूझ रहे एक बुजुर्ग पिता की भूमिका निभाई। फिल्म में स्मृति खोते एक पिता और उसके बेटे के रिश्ते को केंद्र में रखा गया था। इस भूमिका ने एक बार फिर दिखाया कि अनंत नाग की अभिनय क्षमता सिर्फ उम्रदराज किरदार निभाने तक सीमित नहीं है। वह किरदार की मानसिक और भावनात्मक परतों को भी बारीकी से पकड़ सकते हैं।

बैंक की नौकरी भी की, फिर छोड़ दी

फिल्मों में आने से पहले अनंत नाग ने नौकरी भी की। मुंबई में पढ़ाई के दौरान उन्होंने थिएटर जारी रखा। बाद में उन्होंने यूनियन बैंक में भी काम किया। लेकिन थिएटर और अभिनय का आकर्षण इतना मजबूत था कि बैंक की नौकरी उनकी अंतिम मंजिल नहीं बन सकी। आखिरकार उन्होंने नौकरी छोड़ दी और फिल्मों को पूरी तरह अपना लिया। इसके बाद वह बेंगलुरु लौटे और यहीं से उनका कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के साथ लंबा रिश्ता शुरू हुआ।

शंकर नाग थे भाई, लेकिन दोनों की अपनी अलग पहचान

अनंत नाग के परिवार में अभिनय का यह सफर अकेले उनका नहीं था। उनके छोटे भाई शंकर नाग भी कन्नड़ सिनेमा के चर्चित अभिनेता और निर्देशक बने। शंकर नाग को 'मालगुडी डेज' और कई कन्नड़ फिल्मों के लिए याद किया जाता है। 1990 में एक सड़क दुर्घटना में उनकी असमय मृत्यु हो गई। दो भाइयों ने कन्नड़ सिनेमा को अलग-अलग तरह से प्रभावित किया। शंकर नाग अपने निर्देशन और प्रयोगों के लिए चर्चित हुए, जबकि अनंत नाग ने अपने सहज और बहुआयामी अभिनय से लंबी पारी खेली।

Anant Nag Love Story: फिल्म सेट पर मिलीं गायत्री, फिर बना परिवार

anant-nag-dadasaheb-phalke-award

अनंत नाग की निजी जिंदगी भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी रही। उनकी पत्नी गायत्री खुद भी अभिनेत्री रही हैं। दोनों की मुलाकात फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के दौरान हुई। रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों ने 9 अप्रैल 1987 को शादी की। दोनों की एक बेटी अदिति नाग है। अनंत नाग ने कई इंटरव्यू में अपनी पत्नी गायत्री से स्क्रिप्ट और फिल्मों को लेकर चर्चा करने का जिक्र किया है। यानी अभिनय के फैसलों में पत्नी की सहमति और राय अहम भूमिका निभाती रही।

सुबह 5 बजे शुरू होता दिन, किताबों और संगीत के बीच बीतता वक्त

anant-nag-dadasaheb-phalke-award-

अनंत नाग की जिंदगी सिर्फ कैमरे और शूटिंग तक सीमित नहीं रही। उनकी शख्सियत में पढ़ने की आदत और अनुशासित दिनचर्या का भी जिक्र मिलता है। उनकी रुचि किताबों और संगीत में रही है। वह कन्नड़, हिंदी, मराठी और अंग्रेजी जैसी भाषाओं से अच्छी तरह परिचित हैं। उनकी लाइब्रेरी में साहित्य की कई महत्वपूर्ण किताबें रही हैं। आर.के. नारायण, ग्राहम ग्रीन और वी.एस. नायपॉल जैसे लेखकों की रचनाएं उन्हें पसंद रही हैं। यह भी उनके व्यक्तित्व का एक अलग पहलू है। कैमरे के सामने अभिनेता और कैमरे से दूर एक गंभीर पाठक।

Anant Nag Politics Entry: राजनीति में भी गए, लेकिन वह अध्याय ज्यादा लंबा नहीं चला

अनंत नाग का जीवन सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने राजनीति में भी कदम रखा। वह कर्नाटक विधान परिषद के मनोनीत सदस्य रहे। आधिकारिक प्रोफाइल के मुताबिक, उनका कार्यकाल 1988 से 1994 तक रहा। बाद में उन्होंने सक्रिय राजनीति में भी भूमिका निभाई, लेकिन उनका सबसे स्थायी परिचय आखिरकार अभिनेता के रूप में ही बना।

पद्मभूषण के बाद अब दादासाहेब फाल्के

2025 में जब भारत सरकार ने उन्हें पद्मभूषण देने की घोषणा की, तब भी उनके पांच दशक से अधिक लंबे फिल्मी योगदान को सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मई 2025 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। अब दादासाहेब फाल्के पुरस्कार उनके करियर के सबसे बड़े सम्मानों में शामिल होने जा रहा है। आपको बता दें कि,'दादासाहेब फाल्के पुरस्कार 2024' नाम होने का मतलब यह नहीं है कि पुरस्कार 2024 में दिया जा रहा है। अनंत नाग को 2024 के पुरस्कार के लिए चुना गया है और इसका सम्मान समारोह 2026 में होगा।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+