Ammy Virk पर जानलेवा हमला, कनाडा में सिंगर-एक्टर की कार पर चलाई गईं 7 गोलियां, क्या है मामला?
Ammy Virk: पंजाबी सिंगर और एक्टर एमी विर्क पर कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया इलाके के एबॉट्सफोर्ड शहर में कॉन्सर्ट के तुरंत बाद जानलेवा हमला हुआ है। खबर है कि सिंगर के काफिले से जुड़ी एक गाड़ी को गत 5 सितंबर 2026 को शूटर्स ने निशाना बनाया था, जिसे कनाडा की पुलिस संभावित रूप से टारगेटेड शूटिंग मान रही है। हालांकि इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने की कोई खबर सामने नहीं आई है।
सिंगर और एक्टर एमी विर्क पर कनाडा में जानलेवा हमला
वॉइस ऑनलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने कहा कि मैक्कलम रोड के 2500 ब्लॉक में जा रही एक गाड़ी पर ब्लैक कलर की SUV में सवार लोगों ने फायरिंग की। टारगेटेड गाड़ी पर कई गोलियां चलाई गई थीं। वहीं कुछ रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि जिस गाड़ी में सिंगर एमी विर्क जा रहे थे, उस पर करीब 7 गोलियां चलाई गई हैं।

पंजाबी सिंगर की कार पर गोलियां चलाई गईं
मीडिया रिपोर्ट्स में कार की पहचान रोल्स-रॉयस कलिनन के तौर पर हुई है, जो कथित तौर पर बुलेटप्रूफ थी। इस जानलेवा हमले में फेमस पंजाबी सिंगर एमी विर्क समेत कार में सवार सभी 4 लोग बाल-बाल बच गए हैं। वहीं बाबूशाही नेटवर्क की रिपोर्ट के अनुसार एमी विर्क के पिता कुलजीत सिंह ने गोलीबारी की खबरों से साफ इनकार किया है।
पंजाबी स्टार्स की सिक्योरिटी पर एमी विर्क ने कही थी ऐसी बात
-इससे पहले CNN-News18 के साथ एक इंटरव्यू में, एमी विर्क ने पंजाबी कलाकारों की सिक्योरिटी को लेकर कई सवाल उठाए थे। सिर्फ इतना ही नहीं उन्होंने बताया था कि क्यों पंजाबी स्टार्स अपने परिवारों को लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करते हैं।
-एमी विर्क ने कहा था- हम ऐसे प्रोफेशन में हैं जहां हमारे सिर्फ फैंस ही नहीं हैं बल्कि कुछ और दिक्कतें भी हो सकती हैं, शायद कुछ दुश्मनी हो। परिवारों को तकलीफ नहीं होनी चाहिए। वो मार्केट या कहीं भी आराम से जा सकते हैं, किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता। अगर लोगों को पता चल गया, तो उन्हें टारगेट किया जा सकता है। ये उनकी सिक्योरिटी के लिए है और ये उनकी अपनी मर्जी भी है।
एमी विर्क का सिंगिंग और फिल्मी करियर
एमी विर्क पंजाबी और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में एक पॉपुलर नाम हैं। वह सिंगर होने के साथ साथ एक्टिंग भी करते हैं। 'किस्मत' और 'दरिया' जैसे शानदार ट्रैक्स को गाकर उन्होंने लोगों के दिलों में अलग जगह बनाई है। उन्होंने 'भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया' मूवी से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। सिंगर-एक्टर को बाद में '83', 'बैड न्यूज' और 'खेल खेल में' जैसी हिंदी मूवीज में भी देखा गया था। उन्हें हाल ही में पंजाबी फिल्म 'गॉडडे चा 2' में देखा गया था।


Click it and Unblock the Notifications
