अमिताभ बच्चन ने की राजू श्रीवास्तव के लिए दुआ, परिवार को भेजा एक भावुक ऑडियो मैसेज
मुंबई, अगस्त 13। अपनी कॉमेडी से हर देशवासी के दिल पर राज करने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव की सलामती के लिए देशभर में दुआएं हो रही हैं। आपको बता दें कि राजू श्रीवास्तव इस वक्त राजधानी दिल्ली के एम्स में भर्ती हैं। बीते 10 अगस्त को उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। तभी से वो अस्पताल में हैं और चिंता वाली बात यह है कि उनकी हालत में सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। ऐसे में बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन ने भी राजू श्रीवास्तव की सलामती के लिए दुआ मांगी है।
Recommended Video

क्या कहा है अमिताभ बच्चन ने?
अमिताभ बच्चन ने एक ऑडियो संदेश जारी करते हुए राजू श्रीवास्तव के जल्द ठीक होने की कामना की है। ऑडियो संदेश में बिग बी ने कहा है कि बस राजू अब तुम उठ जाओ और हम सभी को हंसाना फिर से शुरू करो। आपको बता दें कि बिग बी ने अपना ऑडियो संदेश सीधे राजू श्रीवास्तव को ही भेजा है, लेकिन अभी तक उन्हें यह संदेश सुनाया नहीं गया है। बता दें कि राजू श्रीवास्तव अमिताभ बच्चन को अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने कई बार बिग की एक्टिंग की है।

अब हो जाएगा राजू की सेहत में सुधार!
बताया जा रहा है कि डॉक्टरों ने ही राजू के परिवार से यह कहा था कि उनके किसी प्रियजन की आवाज उन्हें सुनाई जाए तो शायद वो रिस्पॉन्स कर सकते हैं। हालांकि राजू के परिवार ने अभी इस ऑडियो संदेश को सार्वजनिक नहीं किया है। बताया जा रहा है कि अमिताभ बच्चन ने राजू श्रीवास्तव को कई सारे मैसेज भेजे थे, लेकिन वो मैसेज उन तक नहीं पहुंचने की वजह से उन्होंने एक ऑडियो संदेश उनके नाम भेजा है।

सुनील पाल ने दिया राजू श्रीवास्तव का अपडेट
आपको बता दें कि राजू की सेहत को लेकर पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री इस वक्त चिंतित है। कॉमेडियन सुनील पाल ने अपने इंस्टाग्राम पर एक मैसेज रिकॉर्ड करके डाला है, जिसमें उन्होंने कहा है कि राजू श्रीवास्तव की तबियत में सुधार देखने को मिल रहा है, हम सभी की दुआएं असर करेंगी और वो जल्दी ठीक भी हो जाएंगे। बता दें कि राजू श्रीवास्तव 10 अगस्त को जिम में एक्सरसाइज करते वक्त बेहोश हो गए थे। उनके सीने में दर्द उठा था और उन्हें फिर अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें हार्ट अटैक आया है।












Click it and Unblock the Notifications