Ameesha Patel के घर में चोरी, मां के हीरे जड़े कंगन गायब, 40 साल की हाउस हेल्प गिरफ्तार, कैसे घटी घटना?
Ameesha Patel: बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल की मां आशा पटेल के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का मामला अब सुलझता नजर आ रहा है। जनवरी 2026 में उनके घर से करीब 5 लाख रुपये कीमत के हीरे जड़े कंगन चोरी हो गए थे। इस मामले में मुंबई पुलिस ने अब एक 40 साल की एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सीमा विनोद घाटे के तौर पर हुई है, जो पिछले करीब डेढ़ साल से आशा पटेल के घर में हाउस हेल्प के रूप में काम कर रही थी।
डेढ़ साल से आशा पटेल के घर में काम कर रही थी आरोपी
पुलिस के मुताबिक चोरी के बाद आशा पटेल को उसी पर शक हुआ था। फिलहाल आरोपी को कोर्ट ने 15 सितंबर 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीमा विनोद घाटे करीब डेढ़ साल से अमीषा पटेल की मां के घर में घरेलू सहायिका के तौर पर काम कर रही थी। जनवरी 2026 में जब घर से कीमती कंगन गायब हुए तो आशा पटेल को सीमा पर शक हुआ।

मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज
बताया जा रहा है कि आशा पटेल ने इस बारे में सीमा से कई बार पूछताछ की थी लेकिन उसने चोरी में शामिल होने से इनकार कर दिया था। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए आशा पटेल ने मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने शुरू की जांच, विरार से पकड़ी गई महिला
-शिकायत मिलने के बाद मरीन ड्राइव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद क्राइम डिटेक्शन टीम ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी महिला को ट्रेस करने में जुट गई।
-जांच के दौरान पुलिस ने सीमा विनोद घाटे को विरार से ट्रेस किया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे 15 सितंबर 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
अभी बरामद नहीं हुए चोरी के कंगन
पुलिस अब इस मामले में चोरी हुए हीरे जड़े कंगनों को बरामद करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल कीमती ज्वैलरी पुलिस के हाथ नहीं लगी है। जांच एजेंसियां ये भी पता लगाने में जुटी हैं कि कथित चोरी के पीछे पूरा मामला क्या है और क्या आरोपी महिला का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इस केस की जांच असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप चौधरी और मरीन ड्राइव पुलिस की क्राइम डिटेक्शन टीम कर रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।
'कहो ना प्यार है' मूवी से रातोंरात स्टार बन गई थीं अमीषा पटेल
-अमीषा पटेल के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2000 में ऋतिक रोशन के साथ 'कहो ना प्यार है' मूवी से बॉलीवुड में कदम रखा था। पहली ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफल रही और अमीषा रातोंरात स्टार बन गई थीं।
-इसके बाद उन्होंने सनी देओल के साथ 'गदर: एक प्रेम कथा' में सकीना का किरदार निभाया था। ये फिल्म भी ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी और अमीषा पटेल की लोकप्रियता और बढ़ गई। हालांकि इसके बाद उनकी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाईं।
'गदर 2' ने फिर बदली अमीषा पटेल की किस्मत
लंबे समय तक फिल्मों से दूर रहने के बाद अमीषा पटेल ने साल 2023 में 'गदर 2' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी की थी। फिल्म में उन्होंने एक बार फिर सनी देओल के साथ सकीना का किरदार निभाया। 'गदर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई। फिल्म की सफलता के साथ अमीषा एक बार फिर चर्चा में आ गईं और 'गदर' फ्रैंचाइजी से उनकी पहचान और मजबूत हुई।
'गदर 3' को लेकर भी दे चुकी हैं बड़ा अपडेट
अब फैंस की नजर गदर फ्रैंचाइजी की तीसरी फिल्म पर है। मई 2026 में अमीषा पटेल ने 'गदर 3' को लेकर पुष्टि की थी। एक्ट्रेस ने फिल्म की कमाई को लेकर भी बड़ा दावा किया था। उनके मुताबिक 'गदर 3' बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर सकती है। फिलहाल फिल्म की रिलीज और कहानी से जुड़ी कई जानकारियों का फैंस को इंतजार है। ऐसे में अमीषा पटेल की निजी जिंदगी से जुड़ी यह चोरी की खबर सामने आने के बाद एक्ट्रेस का नाम एक बार फिर सुर्खियों में है।


Click it and Unblock the Notifications
