मासूम की गुहार सुन पिघला अक्षय कुमार का दिल, सरेआम कर दिया ऐलान
गुरुवार को महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला। सुबह 7:30 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें आम नागरिकों के साथ-साथ कई नामी हस्तियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुंबई सहित विभिन्न शहरों में मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की कतारें देखने को मिलीं।

अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना ने सबसे पहले डाला वोट
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ शुरुआती घंटों में ही मतदान करने पहुंचे। वोट डालने के बाद अक्षय ने लोकतंत्र के महत्व पर जोर देते हुए कहा, "यह वही दिन है जब रिमोट कंट्रोल हमारे हाथों में होता है। मैं सभी मुंबईवासियों से अपील करता हूं कि वे जरूर वोट डालें।"
उनका यह बयान सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा में रहा।
वोटिंग के बाद भावुक मुलाकात
मतदान के बाद जब अक्षय कुमार मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे, तभी एक युवती उनके पास पहुंची। भावुक होते हुए उसने अभिनेता से मदद की गुहार लगाई और कहा कि उसके पिता भारी कर्ज में फंसे हुए हैं और वह उनसे मदद चाहती है। यह सुनते ही मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी उसे वहां से हटाने लगे।
अक्षय कुमार की दरियादिली ने जीता दिल
जहां आमतौर पर ऐसी स्थितियों में सितारे आगे बढ़ जाते हैं, वहीं अक्षय कुमार ने इंसानियत दिखाते हुए लड़की से रुककर बात की। उन्होंने उसे शांत किया और अपने सुरक्षाकर्मी से कहा कि वह लड़की का फोन नंबर ले लें। अक्षय के इस व्यवहार से लड़की भावुक हो गई और आभार जताते हुए उनके पैर छूने लगी। अक्षय ने उसे संभाला और गार्ड को स्पष्ट निर्देश दिया कि वह उसकी जानकारी नोट कर ले। अक्षय कुमार का यह मानवीय व्यवहार कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैंस और यूजर्स उनके इस कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं और उन्हें 'रील नहीं, रियल हीरो' बता रहे हैं।
अन्य हस्तियों ने भी निभाई नागरिक जिम्मेदारी
अक्षय और ट्विंकल के अलावा इस दौरान कई अन्य मशहूर चेहरों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें अभिनेत्री तमन्ना भाटिया, मशहूर शायर गुलजार, हेमा मालिनी, आमिर खान का परिवार, क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर और अभिनेता सुनील शेट्टी शामिल रहे।












Click it and Unblock the Notifications