विवादों में घिरी अक्षय कुमार की Jolly LLB 3, फिल्म के खिलाफ शिकायत दर्ज, आखिर क्या हुई बात?
Jolly LLB 3: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और अरशद वारसी (Arshad Warsi) इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। दोनों एक्टर्स ने अपनी अपकमिंग फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' की शूटिंग शुरू कर दी है। हाल ही में अक्षय कुमार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक मजेदार वीडियो शेयर कर इसकी घोषणा की थी। इसी बीच खबर आ रही है कि ये फिल्म विवादों में घिर गई है।
'जॉली एलएलबी 3' के खिलाफ शिकायत दर्ज
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' की शूटिंग शुरू होते ही ये मूवी विवादों में घिर गई है। अक्षय कुमार की इस फिल्म के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है और जल्द से जल्द शूटिंग रोकने की गुजारिश भी की गई है।

'न्यायिक गरिमा को धूमिल करने की कोशिश की गई'
वहीं कई रिपोर्ट्स में ये दावा भी किया जा रहा है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरेशी भी इस फिल्म की कास्ट में शामिल हो गई हैं। दूसरी तरफ इस फिल्म के खिलाफ अजमेर अदालत में शिकायत दर्ज कराई गई है। इस शिकायत में लिखा गया है कि 'जॉली एलएलबी 3' फिल्म में न्यायिक गरिमा को धूमिल करने की कोशिश की गई है।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने की शिकायत
आपको बता दें कि फिल्म के खिलाफ ये शिकायत जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राठौड़ की तरफ से दायर कराई गई है। इस पर आज यानी 7 मई 2024 को कोर्ट में सुनवाई होनी है। अजमेर जिला बार एसोसिएशन ने सिविल न्यायाधीश अजमेर उत्तर की अदालत में फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' की शूटिंग रोकने की अर्जी लगाई है। वहीं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने फिल्म मेकर्स, डायरेक्टर और एक्टर्स के खिलाफ वकील और जजों का मजाक उड़ाने के लिए शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता ने कोर्ट से नोटिस जारी करने का अनुरोध भी किया है।
'वकीलों और जजों का उड़ाया जा रहा है मजाक'
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह राठौड़ ने कहा है- जॉली एलएलबी के पहले और दूसरे पार्ट को देखते हुए ये फैसला लिया गया है कि फिल्म में बहुत कुछ गलत हो सकता है। ऐसा लगता है कि फिल्ममेकर, डायरेक्टर और एक्टर्स देश के संविधान की न्यायपालिका की गरिमा और प्रतिष्ठा का बिल्कुल भी सम्मान नहीं करते हैं। आपको बता दें कि अजमेर के डीआरएम ऑफिस सहित आसपास के गांवों में जॉली एलएलबी 3 की शूटिंग चल रही है।
हुमा कुरेशी भी 'जॉली एलएलबी 3' में आ सकती हैं नजर
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, हुमा कुरेशी फिल्म 'जॉली एलएलबी 3' में नजर आ सकती हैं। इससे पहले हुमा कुरैशी साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म 'जॉली एलएलबी 2' में नजर आई थीं। खबर है कि फिल्म के कुछ हिस्से की शूटिंग राजस्थान के अजमेर में होगी।
'जॉली एलएलबी' के पहले दो पार्ट
जानकारी के अनुसार फिल्म 'जॉली एलएलबी' साल 2013 में रिलीज हुई थी। इसका सीक्वल साल 2017 में सिनेमाघरों में आया था। पहली फिल्म में अरशद वारसी लीड एक्टर के तौर पर नजर आए थे जबकि दूसरे पार्ट में अक्षय कुमार बतौर हीरो नजर आए थे।












Click it and Unblock the Notifications