राधिका आप्टे के साथ अपने न्यूड सीन पर बोले आदिल- आर्ट और पॉर्न में फर्क करना होगा
मुंबई, 18 अगस्त: राधिका आप्टे हाल के दिनों मे सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही हैं। अचानक ही उनकी 6 साल पहले आई फिल्म 'पार्च्ड' के कुछ सीन को लेकर उनको ट्रोल किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर लगातार राधिका आप्टे बायकॉट ट्रेंड के साथ लिखा जा रहा है। दरअसल राधिका ने इस फिल्म में आदिल हुसैन के साथ न्यूड सीन्स किए थे। इन्हीं सीन की तस्वीरें और वीडियो को ट्विटर पर शेयर कर राधिका को निशाने पर लिया जा रहा है। राधिका ने तो अब तक इस मामले पर रिएक्ट नहीं किया है लेकिन फिल्म में उनके साथ काम करने वाले आदिल हुसैन इसको लेकर सामने आए हैं। आदिल ने राधिका को निशाना बनाने पर कड़ा एतराज जताया है।

लोगों को आर्ट और पोर्न में फर्क करना होगा
आदिल हुसैन ने सोशल मीडिया पर राधिका के सीन को भारतीय संस्कृति के खिलाफ और समाज के लिए गलत संदेश देने वाले, कहे जाने को हास्यास्पद बताया है। हिंदुस्तान टाइम्स' से बातचीत में आदिल ने कहा, राधिका या किसी भी एक्ट्रेस को बोल्ड सीन के लिए इस तरह ट्रोल करना समझ से परे है, ये एक किस्म का बेहूदापन है। इससे यही बात समझ आती है कि लोग आर्ट और पॉर्न में अंतर नहीं समझते हैं। उनको इसमें फर्क सीखना चाहिए।

राधिका को लेकर कही जा रही बातें हास्यास्पद
आदिल ने कहा कि मुझे इसके बारे में कुछ दिन पहले पता चला जब मैंने कुछ गूगल अलर्ट देखा। मुझे लगता है कि राधिका को ट्रोल करना या उस सीन के बारे में बड़ी बात करना हास्यास्पद है। मैं ऐसी बातों पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं देता। मुझे लगता है कि इसका जवाब देने का एकमात्र तरीका यह है कि आप बिल्कुल जवाब न दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह का ट्रेंड सीधे तौर पर शिक्षा और समझ की कमी को दिखाता है।

2015 में आई थी पार्च्ड
2015 में आई फिल्म पार्च्ड को राधिका आप्टे और आदिल हुसैन की सबसे ज्यादा पसंद की गई फिल्मों में गिना जाता है। इस फिल्म को काफी तारीफ मिली थी, तो वहीं राधिका और आदिल के अभिनय को भी समीक्षकों ने शानदार कहा था। इस फिल्म में कुछ बोल्ड सीन भी फिल्माए गए थे। एक सीन में आदिल हुसैन और राधिका अतंरंग दिखे थे। इस सीन को लेकर मीडिया में उस समय भी काफी चर्चा रही थी। बाद में भी कई बार इसको लेकर आदिल और राधिका से सवाल होते रहे हैं।

इस सीन को लेकर मैंन राधिका से पूछा था ये सवाल
हाल ही में एक इंटरव्यू में आदिल ने पार्च्ड फिल्म को लेकर कहा था कि इस सीन में हम लगभग बिना कपड़ों के थे। मेरी पत्नी तो समझती हैं कि फिल्मों में किरदार के हिसाब से ये सब करना पड़ता है। तो उनको लेकर मैं फिक्रमंद नहीं था लेकिन राधिका का पार्टनर क्यों सोचेगा, ये मुझे परेशान कर रहा था। ऐसे में मैंने राधिका से ही ये पूछ लिया। आदिल बताते हैं, मैंने राधिका से पूछा कि तुम्हारा ब्वॉफ्रेंड इस सीन को लेकर एतराज तो नहीं करेगा तो उन्होंने कहा कि मैं शादीशुदा हूं और कोई दिक्कत नहीं होगी।

राधिका एक शानदार अभिनेत्री हैं
राधिका लेकर आदिल ने कहा कि वो एक बेहतरीन ऐक्टर हैं। वो एक कला के लिए समर्पित हैं और लोगों को यह बात समझनी चाहिए। मेरे और उनके जैसे लोगों के लिए कला मायने रखती है। आदिल ने सीन को लेकर कहा कि ऐसे सीन से उनको कोई परेशानी नहीं है जब तक कि उन्हें भद्दे तरीके से ना दिखाया जाए। ऐसे सीन मानव जीवन की उलझनों को दिखाने के लिए फिल्माए जाते हैं और ये जरूरी होते हैं।

आप्टे ने एक्टिंग से बनाई अलग पहचान
राधिका आप्टे ने फिल्म 'वाह! लाइफ हो तो ऐसी' से शाहिद कपूर और अमृता राव के साथ करियर शुरू किया था। साल 2015 उनके लिए कमाल का रहा था, इस साल राधिका 8 फिल्मों में नजर आई थीं। 'बदलापुर' और 'माझी' जैसी फिल्मों में उनकी एक्टिंग को खूब तारीफें मिली हैं। उनको एक्टिंग के लिए कई ईनाम भी मिल चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications