'लोग मुझे मटका कहकर बुलाते थे', बॉडी शेमिंग पर एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर ने की खुलकर बात
नई दिल्ली, 24 अप्रैल: शाहिद कपूर की फिल्म जर्सी सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। इसमें उनके साथ एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर भी नजर आ रहीं। हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया कि उनको कई बार बॉडी शेमिंग का शिकार होना पड़ा। लोग उन्हें मटका कहकर बुलाते थे, लेकिन उन्होंने अपने काम के जरिए बहुत से लोगों को जवाब दिया है।

फिगर की वजह से करते हैं कमेंट
टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में मृणाल ने कहा कि लोग सुडौल फिगर को लेकर उन पर हमला करते थे। अगर वो अपना वजन घटाती हैं, तो चेहरे से वजन कम होता है और नीचे के हिस्से में पहुंच जाता है। इस वजह से लोग उनको मटका कहकर बुलाते थे। वैसे उनका मानना है कि कभी ट्रोल्स की वजह से वो डिमोटिवेट नहीं हुईं।

अमेरिका में जमकर तारीफ
उन्होंने कहा कि ट्रोलर्स के कमेंट पर उनको बुरा लगता है, लेकिन वो खुद पर गर्व भी करती हैं। जीरो फिगर होना जरूरी नहीं है। आपके पास एक फिट शरीर होना जरूरी है। हम सभी के शरीर के प्रकार अलग-अलग होते हैं। उन्होंने बताया कि जब वो अमेरिका गईं तो वहां पर चीजें अलग थीं। उनकी कई लोगों ने तारीफ की। कुछ लोगों ने तो उन्हें इंडियन कर्दाशियां कह दिया, जिसे सुनकर वो काफी खुश हुईं।

उनके भी हैं मुंहासे
मृणाल ने कहा कि मेरे अंदर इतना आत्मविश्वास है कि मैं एक तस्वीर पोस्ट कर सकूं। मैं सिर्फ ये सुनिश्चित करना चाहती हूं कि ये ट्रोल मुझे प्रभावित ना करें। उन्होंने कहा कि चाहे मुंहासे हों या पीएमएस, ये सब प्राकृतिक हैं। एक एक्ट्रेस होने के बावजूद, मुझे मुंहासे हैं। ये स्वाभाविक है और आप इसके बारे में कुछ नहीं कर सकते। हमें खुश रहने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications