कहानी एक जाट नेता की... अभिषेक-यामी की दसवीं का ट्रेलर रिलीज, इन दो पूर्व सीएम की दिलाएगा याद
मुंबई, 23 मार्च: अभिषेक बच्चन, यामी गौतम और निमरत कौर की मुख्य भूमिकाओं वाली फिल्म 'दसवीं' का ट्रेलर बुधवार को रिलीज हो गया है। करीब 2 मिनट 42 सेकेंड का ये ट्रेलर लोगों को पसंद आया है और रिलीज होते ही ट्रेंड में आ गया है। ट्रेलर से फिल्म की कहानी भी साफ हो गई है। ये ऐसे किसान जाट नेता की है, जो जेल में रहकर दसवीं की परीक्षा देता और पास करता है।

क्या है फिल्म के ट्रेलर में
'दसवीं' एक बड़े राजनेता गंगाराम चौधरी की कहानी है, ये किरदार अभिषक बच्चन ने निभाया है। जाति से जाट गंगाराम चौधरी टीचर भर्ती घोटाले में जेल चले जाते हैं तो सीएम की कुर्सी अपनी पत्नी को बैठा देते हैं। अभिषेक बच्चन की पत्नी का किरदार निमरत कौर ने निभाया है। जेल में पुलिस अफसर ज्योति (यामी गौतम) से गंगा राम चौधरी की ठन जाती है। ज्योति उनको आठवी पास गवार कह देती है तो वो दसवीं करने की ठान लेते हैं। जेल में रहकर वो दसवीं करते हैं। इसी के इर्द-गिर्द ये फिल्म है।

ट्रेलर से आएगी इन दो पूर्व सीएम की याद
फिल्म को किसी की जिंदगी पर आधारित नहीं बताया गया है लेकिन ट्रेलर देखकर आपको गंगा राम चौधरी का किरदार हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला से मिलता जुलता लगेगा। गंगाराम चौधरी की तरह ओमप्रकाश चौटाला को भी टीचर भर्ती में जेल हुई थी और उन्होंने भी 80 साल से ज्यादा की उम्र में जेल में दसवीं की थी। गंगाराम की हरी पगड़ी भी आपको ओमप्रकाश चौटाला की याद दिलाएगी। वहीं सीएम रहते हुए जेल जाने पर घर संभाल रही पत्नी को सीएम बनाने की बात आपको बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव और राबड़ी देवी की याद दिलाएगा।
7 अप्रैल को होगी रिलीज
अभिषेक बच्चन, निमरत कौर, यामी गौतम स्टारर फिल्म 'दसवीं' का 7 अप्रैल को रिलीज होने वाली है। फिल्म का प्रीमियर ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स और जियो सिनेमा पर किया जाएगा। इस फिल्म का निर्देशन तुषार जलोटा ने किया है। बतौर निर्दशक तुषार जलोटा की ये पहली फिल्म है।












Click it and Unblock the Notifications