राजनांदगांव : ऑनलाइन कोचिंग से बोर्ड की बाउंड्री करेंगे पार, सरकारी स्कूल के बच्चों को नि:शुल्क कोचिंग सुविधा
राजनांदगांव जिले में बोर्ड परीक्षाओं में बच्चों को सही मार्गदर्शन के लिए ऑनलाइन कोचिंग की शुरुआत की गई है। इस ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से 10वीं और 12वीं के बच्चे अपने समस्याओं का समाधान एक्सपर्ट टीचरों के माध्यम से कर सके
राजनांदगांव, 26 जुलाई। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बोर्ड परीक्षाओं में बच्चों को सही मार्गदर्शन के लिए ऑनलाइन कोचिंग की शुरुआत की गई है। इस ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से 10वीं और 12वीं के बच्चे अपने समस्याओं का समाधान एक्सपर्ट टीचरों के माध्यम से कर सकेंगे। ऑनलाइन कोचिंग में एक्सपर्ट टीचर बच्चों के सवालों का जवाब देंगे। इसके साथ ही उन्हें हर दिन सिलेबस के अनुसार पढ़ाएंगे। इस नवाचार की शुरुआत का उद्देश्य है कि जिले के दूरस्थ अंचलों के बच्चों तक शिक्षा पहुंच सके।

21 हजार बच्चों को मिलेगा लाभ
राजनांदगांव जिले में शुरु की गई इस ऑनलाइन नि:शुल्क कोचिंग के माध्यम से 205 स्कूलों के बच्चे जुड़ेंगे। जिनमें कक्षा 10वीं के 14 हजार तथा कक्षा 12वीं के 7 हजार बच्चे नि:शुल्क कोचिंग क्लास का लाभ ले सकेंगे। कलेक्टर डोमन सिंह ने इसके सफलता को लेकर कहा कि शुरूआती दौर में थोड़ी दिक्कत हो सकती है। लेकिन इसके परिणाम अच्छे होंगे। विषय विशेषज्ञों से इस पर लगातार चर्चा होते रहेगी। इसके लिए सभी स्कूलों के प्राचार्यों को ऑनलाइन नेट कनेक्टिविटी और वाईफाई कनेक्टिविटी के साथ स्मार्ट क्लासरूम अपडेट रखने के निर्देश दिए गए हैं

नेक दिल और नेक इरादे से जुड़े शिक्षक
जिला स्तरीय ऑनलाइन नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस की शुरुआत करते हुए कलेक्टर डोमन सिंह ने इस कोचिंग के लिए ऐसे शिक्षकों को जुड़ने के लिए कहा जो नेक कार्य के लिए जुड़े। जो दिल से स्वेच्छा से बच्चों के हित के लिए पढ़ाना चाहते हैं। वैसे इस कोचिंग के लिए एक्सपर्ट टीचर नियुक्त किए जा रहें है। लेकिन टीचर भी अपना योगदान भी इसमें दे सकते हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि सफल होने के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता। 10वीं एवं 12वीं के बच्चों को स्मार्ट क्लास से जोड़ा गया है।
वनांचल के बच्चों को मिलेगी सुविधा
छत्तीसगढ़ में इस तरह यह पहला नवाचार है जहां सरकारी स्कूलों के बच्चों को निःशुक्ल ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिल रही है। इस नवाचार से राजनांदगांव के वनांचल क्षेत्र के बच्चों लाभ मिलेगा जिन्हें कोचिंग की सुविधा नही मिल पाती।
मानपुर, मोहला, अम्बागढ़, चौकी,औंधी एवं छुईखदान, जैसे दूरस्थ क्षेत्र के बच्चे इस कोचिंग से जुड़कर लाभ लें सकेंगे।
राजनांदगांव से कलेक्टर ने शुरु की थी यूपीएससी की तैयारी
अनुभवों को साझा करते हुए उन्हाेंने बताया कि राजनांदगांव शहर में ही उन्होंने लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने के लिए तैयारी की थी और यहां ग्रंथालय में लगातार बैठकर अध्ययन करते थे। उन्होंने कहा कि इस शहर से यादें जुड़ी हुई हैं। इस लिए बच्चों की पढ़ाई के लिए दिल से कार्य करने का प्रयास रहेगा। दरअसल जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा के उन्नयन के लिए कलेक्टर के द्वारा जिले में नवाचार के रूप में यह प्रयास किया जा रहा है, उन्होंने स्पष्ठ निर्देश दिए हैं कि शिक्षक जिम्मेदारी से पढ़ाते हुए इस कार्य को करें।
सुबह 7 से 9 बजे तक होगी कोचिंग लिंक से जुड़ेंगे बच्चे
जिला शिक्षा विभाग ने कोचिंग का समय सुबह 7 बजे से सुबह 9 बजे तक निर्धारित किया है। कक्षा 10वीं के लिए सुबह 7 से सुबह 8 बजे तथा कक्षा 12वीं के लिए सुबह 8 से सुबह 9 बजे तक का समय निर्धारित है। विकासखण्ड मुख्यालय एवं आसपास की शालाओं के छात्र विकासखंड मुख्यालय में स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में उपस्थित होकर नि:शुल्क कोचिंग प्राप्त कर सकते हैं ।
25 एक्सपर्ट टीचर देंगे गणित विज्ञान अंग्रेजी की कोचिंग
जिले सरकारी स्कूल के छात्रों को कक्षा 10वीं के गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी के कुल 3 विषयों तथा कक्षा 12वीं के अंग्रेजी, भौतिक, रसायन, गणित, जीव विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय से लेखाशास्त्र इस प्रकार कुल 6 विषयों में कोचिंग प्रदान किया जाएगा। जिसके लिए 25 विषय विशेषज्ञों का चिन्हांकन किया गया है एवं उन्हें डिजिटल बोर्ड के माध्यम से कक्षा अध्यापन का प्रशिक्षण दिया गया है।
बोर्ड व प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उपयोगी साबित होगी कोचिंग
जिला प्रशासन ने इसके लिए अतिरिक्त संसाधन खरीदने के बजाय स्कूलों में मौजूद प्रोजेक्टर, लेपटॉप, इंटरनेट कनेक्टीविटी एवं शिक्षकों की उपस्थिति के साथ कोचिंग प्रारंभ करने के।निर्देश दिए है। जिससे लगभग 21 हजार बच्चे लाभान्वित होंगे। इस कोचिंग के माध्यम से नि:शुल्क कोचिंग में ही पीएससी, व्यापम, रेल्वे, बैंक जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी जानकारी देते रहें। बच्चों को नि:शुल्क तौर पर पढ़ाने की यह पहल उपयोगी साबित होगी।












Click it and Unblock the Notifications