Durg: शराबियों को महिलाओं ने भेंट किया गुलाब, तो हुए शर्मिंदा, गांधीगिरी कर शराब दुकान हटाने किया प्रदर्शन
दुर्ग, 17 सितम्बर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भिलाई की जनता अब शराब दुकानों को रिहायसी इलाकों से हटाने की मांग कर रही है। सुपेला के बाद अब भिलाई के नंदनी रोड स्थित शराब दुकान में महिलाओं ने शराब दुकान में शराब खरीदने आए लोगों को गुलाब का फूल भेंट करके अनोखा प्रदर्शन किया है। गुलाब भेंट करते हुए महिलाओं ने शराब खरीदने वालों से अब यहाँ से शराब नही खरीदने की अपील की।

9 दिनों से चल रहा आंदोलन
भिलाई के नंदनी रोड पर स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर महिलाएं और वार्ड वासी, बीते 9 दिनों से हांथो में तख्ती लेकर अलग अलग तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन का नेतृत्व भिलाई नगर निगम के पार्षद पीयूष मिश्रा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि नंदनी रोड की शराब दुकान हटाने के लिए मांग कलेक्टर से की गई लेकिन उनकी मांग को अनदेखा किया गया। इसलिए वे आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन में महिलाएं बच्चे और क्षेत्र के व्यापारी सभी शामिल हैं।

कलेक्टर व एसडीएम को सौंपा था ज्ञापन
दरअसल इस आंदोलन की शुरुआत 9 दिन पहले कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा को ज्ञापन सौंपने के साथ हुई थी। इसके साथ आबकारी विभाग को भी रिहायशी इलाके से शराब दुकान हटाने की मांग की गई। लेकिन इस ज्ञापन के बाद भी जब प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो उन्होंने हर अलग अलग तरीको से प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं का कहना है कि जब तक शराब दुकान यहां से नहीं हटती है। तब तक इसी तरह गांधीवादी तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे।

महिलाओं ने गुलाब भेंट कर किया प्रदर्शन
महिलाओं ने प्रदर्शन के 9 वे दिन शराब दुकान में शराब लेने पहुंचे ग्राहकों को गुलाब का फूल भेंट करना शुरू किया तो सब अवाक रह गए। लोगों ने देखा कि अचानक शराब दुकान में लाइन में खड़े लोगों को एक एक कर महिलाएं गुलाब दे रहीं हैं। इसके साथ ही वे कुछ निवेदन भी कर रही हैं। लगभग चार घण्टे तक इस तरह से शराबियों और ग्राहकों को गुलाब भेंट किया गया।

गुलाब लेते ही शर्मिंदा होते नजर आए शराबी
महिलाओं द्वारा गुलाब का फूल दिए जाने पर गुलाब लेते समय शराब खरीदने वाले शराबी शर्मिंदा होते नजर आए। इसके साथ ही महिलाओ ने अपनी परेशानी बताते हुए। उनसे दुबारा इस दुकान से शराब नही खरीदने की अपील की। जिसके बाद कई शराबी भाग खड़े हुए तो कई लोगों ने महिलाओं की मांग को जायज बताया।

शराब दुकान से महिलाएं, बच्चे और व्यापार हो रहा प्रभावित
दरअसल भिलाई के वार्ड 38 में नंदनी रोड स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग पहले भी की जा चुकी है। लेकिन इस पर कोई कार्रवाई अब तक नही हुई। वहीं शराब दुकान के कारण जामुल से पावर हाउस मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित होता है। कई शराबी दुर्घटना का शिकार भी हो चुके हैं। इसके साथ ही रिहायसी इलाका होने के कारण आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। महिलाओ ने बताया कि शराब दुकान में लगी भीड़ और चखना दुकानों की वजह से बच्चों का स्कूल कॉलेज जाना दूभर हो गया है। बच्चे भी शराब की ओर आकर्षित हो रहें हैं। आए दिन महिलाओं पर दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ता है। इसके साथ ही यहां व्यापारियों का व्यापार भी प्रभावित हुआ है।

आंदोलन को खत्म करने, किया जा रहा प्रयास
इस आंदोलन के मुख्य सूत्रधार पार्षद पीयूष मिश्रा ने बताया कि वे लोग शांति पूर्वक रोज गांधीगिरी करके अपनी मांग के रहें हैं लेकिन निगम अमला और पुलिस अधिकारी राजनीतिक दबाव में आंदोलन को समाप्त करने की कोशिश में लगा हुआ है। पार्षद पीयूष ने कहा कि अब नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रदर्शन किया जाएगा। उसके माध्यम से लोगों को बताएंगे की शराब दुकान खुलने से किस किस तरह की परेशानी हो रही है। जिससे शासन प्रशासन उनकी मांग पर गौर करे और शराब दुकान हटाने के लिए मजबूर हो।












Click it and Unblock the Notifications