Durg News: घर में बंकर बनाकर छिपा था, करोड़ों की जमीन फर्जीवाड़े का आरोपी, महाराष्ट्र पुलिस ने किया गिरफ्तार
Chhattisgarh का दुर्ग जिला आरोपियों के लिए सुरक्षित स्थान बनता जा रहा है, अपराध करने के बाद आरोपी छत्तीसगढ़ के इस जिले में पनाह ले रहे हैं। दुर्ग के पोलसाय पारा में महाराष्ट्र में करोड़ो रूपये के जमीन धोखाधड़ी मामले में फरार आरोपी को पकड़ने महाराष्ट्र पुलिस दुर्ग पहुंची। आरोपी तकरीबन एक साल से पुलिस को चकमा दे रहा था। लेकिन आरोपी दुर्ग में आकर अपने घर में ही बंकर बनाकर छिपा था।

15 दिनों में दूसरी बार दुर्ग पहुंची महाराष्ट्र पुलिस
इस मामले में जानकारी देते हुए मोहन नगर थाना प्रभारी विपिन रंगारी ने बताया कि महाराष्ट्र पुलिस रविवार को दुर्ग के पोलसाय पारा निवासी फरार आरोपी कुलदीप सिंह (55 वर्ष) की तलाश में दुर्ग पहुंची थी। दुर्ग पुलिस की मदद से करोड़ों रुपए की जमीन घोटाले के आरोपी को गिरफ्तार किया और अपने साथ ले गई। 15 दिन पूर्व भी महाराष्ट्र पुलिस आरोपी कुलदीप की तलाश में दुर्ग पहुंची थी, लेकिन आरोपी अपने घर से फरार हो गया था।

200 करोड़ की जमीन फर्जीवाड़े का मामला
पुलिस के अनुसार आरोपी ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में सितंबर 2021 में कुछ आरोपियों ने नेशनल हाइवे के किनारे 11 एकड़ जमीन को फर्जी दस्तावेज बनाकर सौदा किया था। आरोपी कुलदीप सिंह ने स्वयं को वसई का निवासी बताया, और नेशनल हाइवे के किनारे स्थित लगभग 200 करोड़ की दूसरे की जमीन को अपनी बताकर खरीददार राम लाल तिवारी से 11 एकड़ जमीन को बेचने का सौदा किया था। राम लाल ने विश्वास में आकर कुलदीप को बतौर एडवांस 5 करोड़ की राशि देकर एग्रीमेंट कराया था।

चेक लेने के बाद फरार हो गया आरोपी
आरोपियों ने 5 करोड़ रुपए का एडवांस चेक लेने के बाद भी खरीददार राम लाल तिवारी को जमीन हस्तांरित नहीं किया। इसके बाद राम लाल ने वसई थाने में कुलदीप और उनके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी की मामला दर्ज कराया। जिसपर वसई थाना पुलिस एक साल से कुलदीप की तलाश में थी। कल पालघर के वसई थाना प्रभारी अब्दुल हक देसाई अपनी टीम के साथ दुर्ग पहुंचे थे। उन्होंने आरोपी कुलदीप सिंह को उसके संतरा बाड़ी स्थित घर से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसका रिमांड लेकर अपने साथ ले गई।

घर में बंकर बनाकर छिपा था आरोपी कुलदीप
इस मामले में जब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया तो खास बात सामने आई कि आरोपी कुलदीप सिंह एक साल से अपने घर में ही छिपा रहता था, उसने इसके लिए अपने घर के दीवार को छेदकर बंकर बना रखा था। इसके चलते जब भी पुलिस उसकी तलाश में घर पहुंचती तो चकमा देने के लिए आरोपी इस बंकर में छिप जाता था। लेकिन इस बार आरोपी पुलिस की नजर से नहीं बच पाया, गिरफ्तारी के दौरान भी वह बंकर में छिपा था।












Click it and Unblock the Notifications