देवरिया: पांच हजार की रिश्वत लेते लेखपाल रंगेहाथ गिरफ्तार
बरहज तहसील में तैनात लेखपाल अशोक कुमार पांडेय को पांच हजार रिश्वत लेते गोरखपुर की एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन टीम लेखपाल के विरुद्ध देवरिया सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर रहा है। डीएम के निर्देश पर ल
देवरिया,30अगस्त:
बरहज तहसील में तैनात लेखपाल अशोक कुमार पांडेय को पांच हजार रिश्वत लेते गोरखपुर की एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार कर लिया। एंटी करप्शन टीम लेखपाल के विरुद्ध देवरिया सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर रहा है। डीएम के निर्देश पर लेखपाल को निलंबित कर दिया है।तहसीलदार बरहज को इस पूरे मामले की जांच रिपोर्ट 15 दिन में देनी है।

जानकारी के मुताबिक, खुखुंदू थानाक्षेत्र के ग्राम मरहवा के रहने वाले शत्रुघ्न कुशवाहा के खेत का वर्ष 1996 में सीमांकन किया गया था। बगल के लोगों ने पत्थर उखाड़कर फेंक दिया और उनके खेत में अतिक्रमण करने लगे। उन्होंने 20 अगस्त को संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ रवींद्र कुमार से पैमाइश कर पत्थर गाड़ने के लिए फरियाद की। सीडीओ ने राजस्व टीम गठित कर पत्थर गाड़ने का निर्देश दिया।शत्रुघ्न कुशवाहा ने वर्तमान लेखपाल व प्रभारी कानूनगो देवरिया शहर के मुंसफ कालोनी वार्ड नंबर दो के रहने वाले अशोक पांडेय से पत्थर गाड़ने के लिए अनुरोध किया। लेखपाल ने पांच हजार रुपये घूस की मांग की।गेहूं बेचकर शत्रुघ्न ने पांच हजार रुपये का इंतजाम किया और इसकी शिकायत एंटी करप्शन कार्यालय गोरखपुर में की।
प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित, शिव मनोहर यादव, चंद्रभान मिश्र, नीरज सिंह, दिलीप कुमार, विजय, शैलेंद्र सिंह की टीम गठित हुई। शत्रुघ्न टीम के साथ तहसील के गेट पर पहुंचा और उसने लेखपाल को पैसे देने के लिए बुलाया।लेखपाल गेट पर पहुंचा व उसने घूस के पैसे शत्रुघ्न से लिए।जैसे ही उसने पैसे लिए एंटी करप्सन टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
देवरिया डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लेखपाल व प्रभारी राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जाएगी।इसके लिए तहसीलदार बरजह को जांच करने की जिम्मेदारी दी गयी है।वह पंद्रह दिन में रिपोर्ट देंगे।












Click it and Unblock the Notifications