Deoria News: सरकारी डॉक्टर समेत प्राइवेट अस्पताल के संचालकों पर मुकदमा, सामने आई यह बड़ी वजह
Deoria News: देवरिया में प्रसूता मौत मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके साथ ही सीएमओ ने इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए टीम गठित की है।
जानकारी के मुताबिक, देवरिया के गौरीबाजार नगर पंचायत स्थित पुष्पा हास्पिटल में आपरेशन के दौरान प्रसूता की मौत हो गयी थी। परिजनों की शिकायत पर गौरीबाजार पुलिस ने सीएचसी की महिला चिकित्सक और प्राइवेट अस्पताल के संचालक, सहसंचालक समेत पांच आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। महिला की मौत के बाद महिला चिकित्सक, संचालक, सह संचालक और अन्य कर्मचारी फरार हो गए थे। पुलिस की जांच में सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में सीएचसी की महिला चिकित्सक प्राइवेट अस्पताल में प्रैक्टिस करती दिखाई दी हैं।

गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सेखुई गांव के उसरहवा टोला निवासी सोनिका निषाद पत्नी राहुल निषाद को शुक्रवार की रात में 1 बजे प्रसव पीड़ा होने लगी। बहू को लेकर समुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गौरीबाजार परिवार के सदस्यों के साथ गई। जहां पर तैनात महिला चिकित्सक डॉ. रेनू मिश्रा ने बहू की जांच की। महिला चिकित्सक ने बताया कि सोनी की स्थिति गंभीर है और उसका अभी आपरेशन करना होगा। परिजनों ने आपरेशन की सहमति दी।
तब महिला चिकित्सक ने कहा कि इस समय यहां आपरेशन नहीं हो पाएगा। मरीज को लेकर कस्बा के पुष्पा हास्पिटल पर चलिए। वहां पर सस्ते में आप लोगों का आपरेशन करवा दूंगी। अनहोनी की आशंका से परेशान परिजन प्रसूता को लेकर नगर पंचायत स्थित पुष्पा हॉस्पिटल लोग शनिवार की सुबह 6 बजे प्राइवेट अस्पताल पहुंचे। जहां पर हास्पिटल के संचालक अनुराग उपाध्याय और सह संचालक राहुल शर्मा ने 40 हजार रुपए की मांग की। इस पर महिला चिकित्सक डॉ. रेनु मिश्रा ने तत्काल 20 हजार रुपए जमा करने की बात कही। परिवार के लोगों ने 20 हजार रुपये जमा कर दिया। अस्पताल में प्रसूता का आपरेशन किया गया। जिसमें गलत तरीके से आपरेशन करते समय महिला का अन्दरूनी नस कट गया। प्रसूता की मौके पर मौत हो गई। महिला की मौत होने पर अस्पताल के सभी लोग मौके से फरार हो गए।
महिला की मौत की जानकारी होने पर परिजन रोने लगे। स्थानीय लोग जुट गए और हंगामा करने लगे। पुलिस ने लोगों को समझ बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। साथ ही बच्चे को सीएचसी में भर्ती कराया था।
मृतका की सास उर्मिला देवी की तहरीर पर गौरीबाजार पुलिस ने गौरीबाजार सीएचसी में तैनात डॉ रेनू मिश्रा, पुष्पा हॉस्पिटल के संचालक अनुराग उपाध्याय, सहसंचालक राहुल शर्मा और दो अज्ञात के विरुद्ध 304 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
सीएमओ डॉ राजेश कुमार झा ने बताया कि एसीएमओ डा संजय चंद के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications