Captain Anshuman: शहीद कैप्टन अंशुमान पंचतत्व में विलीन, नम आंखो से पिता ने दी मुखाग्नि
Deoria News: सियाचिन में शहीद हुए देवरिया के लाल कैप्टन अंशुमान सिंह शुक्रवार देर शाम पंचतत्व में विलीन हो गए। पिता ने कांपते हाथों से मुखाग्नि दी। यह दृश्य देख सभी कांप उठे। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव बरडीहा दलपत में सरयू नदी के तट पर किया गया। सैन्य सम्मान के साथ कैप्टन को अंतिम विदाई दी गई।
शाम को करीब साढ़े चार बजे अंशुमान का पार्थिव शरीर पहुंचा, जहां पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी थी। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह, एसपी संकल्प शर्मा ने परिजनों को ढांढस बंधाया। उधर, जिला प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एसडीएम सलेमपुर सीमा पांडेय एवं प्रभारी क्षेत्र अधिकारी श्री यश त्रिपाठी के अलावा अन्य अधिकारियों का पहरा जारी रहा।

देवरिया शहर के सुभाष चौक पर आजाद हिंद सेना वाहिनी के कार्यकर्ता बलिदानी अंशुमान सिंह की फोटो लेकर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए प्रतीक्षा कर रहे हैं। अंशुमान सिंह के बलिदान होने से दुखी युवा बीच-बीच में अंशुमान सिंह अमर रहे जब तक सूरज चांद रहेगा अंशुमान सिंह का नाम रहेगा, के नारे लगा रहे हैं।
सिचायिन में बुधवार की सुबह सैन्य शिविर में आग लगने के कारण कई जवान घायल हो गए थे। इन घायलों को बचाने में कैप्टन अंशुमान सिंह ने अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। उनकी मौत से पूरे पूर्वांचल में शोक की लहर है।












Click it and Unblock the Notifications