अमित शाह के लिए महिलाओं की सुरक्षा कोई मुद्दा नहीं; अरविंद केजरीवाल ने महिला अदालत में गृहमंत्री पर बोला हमला
Delhi News: दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी तापमान चरम पर पहुंच गया है। सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने चुनाव से पहले राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ते क्राइम को बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम 'महिला अदालत' बुलाई।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, आज से 12 वर्ष पहले हमारी बहन निर्भया के साथ गैंगरेप हुआ। इसके बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद सारा देश सड़कों पर था और ऐसा लग रहा था कि अब महिलाओं के साथ ऐसी घटनायें नहीं होंगी। लेकिन घटनायें कम होने की बजाए और बढ़ गई हैं।

उन्होंने कहा कि आज से 10 साल पहले आपने मुझे दिल्ली के सरकारी स्कूल, अस्पताल, बिजली-पानी की व्यवस्था ठीक करने की जिम्मेदारी दी और वह मैंने पूरी की। लेकिन आपने केंद्र की BJP सरकार और गृह मंत्री अमित शाह को दिल्ली की सुरक्षा की जिम्मेदारी दी थी लेकिन उन्होंने दिल्ली को बर्बाद कर दिया।
'अमित शाह के लिए महिलाओं की सुरक्षा कोई मुद्दा नहीं'
केजरीवाल ने गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि "अमित शाह के लिए महिलाओं की सुरक्षा कोई मुद्दा नहीं है, उनके लिए सरकारें गिराना मुद्दा है। अगर बीजेपी वाले वोट मांगने आये तो आप भी कह देना कि बीजेपी हमारे लिए कोई मुद्दा नहीं है। मेरे लिए दिल्ली की महिलायें मेरी मातायें, मेरी बहनें हैं, मेरा परिवार हैं। मैंने दिल्ली में 3 Lakh से ज़्यादा CCTV लगाये लेकिन एक बेटी ने आकर बताया कि पुलिस वाले अपराधी को पकड़ने के लिए CCTV का इस्तेमाल ही नहीं करते। अमित शाह को कहना पड़ेगा कि अपने पुलिसवालों को ठीक करो।"
आगे केजरीवाल ने कहा, BJP वालों ने पिछले 5 साल में ढेर सारी झुग्गियां तोड़ी हैं और अब ये झुग्गी में जाकर सो रहे हैं। झुग्गीवासियों इनसे बचकर रहना। आज ये आपके यहां आ रहे हैं और तीन महीने बाद आपकी झुग्गियां तोड़ देंगे।












Click it and Unblock the Notifications