दिल्ली में अब पुलिस वाले ही क्यों करने लगे प्रोटेस्ट? सहकर्मियों ने रोका रास्ता, नेहा बोरा याद दिला रहीं कानून
देश की राजधानी में सोमवार (02 नवंबर) को एक बेहद अजीब स्थिति देखने को मिली, जब दिल्ली पुलिस के जवान अपने ही विभाग के खिलाफ सड़क पर उतर आए। पुलिस मुख्यालय (PHQ) के मुख्य गेट के बाहर दो वरिष्ठ अधिकारियों के ट्रांसफर के फैसले के खिलाफ पुलिसकर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि प्रदर्शन कर रहे जवानों को रोकने के लिए भी मेन गेट पर खुद दिल्ली पुलिस के जवानों को ही तैनात किया गया था।
अपनी ही पुलिस के खिलाफ अपनों के इस मोर्चे ने महकमे के भीतर फैली भारी नाराजगी और असंतोष को उजागर कर दिया है। वहीं छात्र संगठन आइसा से जुड़ी नेहा बोरा ने इस प्रदर्शन पर तंज कसते हुए भारतीय न्याय संहिता यानी बीएनएस की धारा 163 का जिक्र किया है।

23 अक्टूबर की घटना से भड़की आग, शाहदरा थाने से शुरू हुआ विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में हुई एक हिंसक घटना से हुई थी। वहां पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच जमकर हाथापाई हुई, जिसमें वकील ललित बंसल के सिर में गंभीर चोट आई थी। इस घटना के बाद जिला अदालतों के वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी और प्रशासन पर दबाव बना दिया। स्थिति को शांत करने और वकीलों की हड़ताल खत्म कराने के लिए 28 अक्टूबर को महकमे ने गांधी नगर के सब-डिविजनल पुलिस अफसर एसीपी मनस्वी वशिष्ठ का ट्रांसफर 'स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर विमेन एंड चिल्ड्रन' (SPUWAC) में कर दिया।
वहीं शाहदरा थाने के तत्कालीन एसएचओ इंस्पेक्टर अरुण कुमार को सिक्योरिटी यूनिट भेज दिया गया। एफआईआर और शिकायतों पर दो महीने की जांच के आश्वासन के बाद वकीलों ने हड़ताल वापस ली, लेकिन विभाग की इस कार्रवाई से निचले स्तर के कर्मियों में गुस्सा भड़क गया।
'खुद अन्याय सहेंगे तो किसी को क्या न्याय देंगे': अफसरों का सीधा टकराव
ट्रांसफर से नाराज एसीपी मनस्वी वशिष्ठ ने 31 अक्टूबर को एक वीडियो संदेश जारी करके पुलिसकर्मियों से सोमवार सुबह 8 बजे मुख्यालय पहुंचकर पुलिस कमिश्नर के सामने अपनी बात रखने की अपील की थी। उन्होंने कमिश्नर को पत्र लिखकर जवानों की बात सुनने के लिए 'संपर्क सभा' आयोजित करने की मांग भी की थी।
सोमवार को मुख्यालय के बाहर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए एसीपी वशिष्ठ ने दो टूक कहा, "यदि हम खुद अन्याय सहते रहेंगे, तो फिर जनता को न्याय कैसे दिला पाएंगे?" प्रदर्शन के दौरान नई दिल्ली जिले के पुलिसकर्मियों के साथ-साथ खुद तबादला किए गए अधिकारी भी मौजूद रहे।
DCP की अपील के बाद थोड़ी शांत हुई स्थिति
हेडक्वार्टर के बाहर जब हालात बिगड़ने लगे, तब डीसीपी (नई दिल्ली) सचिन शर्मा मौके पर पहुंचे। उनका और ट्रांसफर किए गए एसीपी मनस्वी वशिष्ठ का आमना-सामना हुआ। डीसीपी सचिन शर्मा ने लाउडस्पीकर से अपील करते हुए प्रदर्शनकारी जवानों को समझाया कि सड़क पर नारेबाजी करने के बजाय मुख्यालय के भीतर चलकर शांति से बात करनी चाहिए, ताकि मामले का कोई हल निकल सके। उनकी समझाइश के बाद पुलिसकर्मी बातचीत के लिए राजी हुए और स्थिति कुछ हद तक नियंत्रण में आई।
'क्या पुलिस अब अपने ही जवानों पर BNS 163 लगाएगी?' नेहा बोरा ने कसा तंज
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में प्रदर्शन के दौरान हाल ही में कई बार हिरासत में ली जा चुकीं ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की प्रमुख नेहा बोरा ने इस पूरे घटनाक्रम पर जमकर चुटकी ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर दिल्ली पुलिस की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा, "दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर नई दिल्ली के उस इलाके में आता है जहां बीएनएस (BNS) की धारा 163 लागू रहती है। तो क्या अब दिल्ली पुलिस, पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे अपने ही जवानों पर एफआईआर (FIR) दर्ज करेगी? यह आपके चरमराती व्यवस्था के साफ लक्षण हैं।"


Click it and Unblock the Notifications
