Delhi Cab Woman: महिला के साथ दुर्व्यव्यहार का VIDEO वायरल, DCW ने संज्ञान लिया, कैब हरियाणा की
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक और सनसनीखेज वीडियो सामने आया है। महिला के साथ सरेआम बदतमीजी हुई है। महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कैब हरियाणा का है।

Delhi Cab Woman: सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दिल्ली की सड़क पर महिला के साथ बदतमीजी का आरोप लगा है। वीडियो में महिला को जबरन कैब में बिठाने की कोशिश देखी जा सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, मंगोलपुरी फ्लाईओवर एरिया के पास एक व्यक्ति को एक महिला को पीटते हुए और जबरदस्ती कार में बैठाने की कोशिश करता देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
महिला के साथ सरेआम बदतमीजी, DCW सख्त
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने महिला के साथ दुर्व्यवहार करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है।

क्या बोलीं स्वाति मालीवाल
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने रविवार को इस वायरल वीडियो का संज्ञान लिया। उन्होंने ट्वीट किया, एक महिला को जबरन गाड़ी में बिठाकर पीटने के इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए, मैं दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रही हूं। आयोग इन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
VIDEO में देखिए-खामोशी से तमाशा देखते रहे लोग
उत्तर पश्चिम दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से वायरल हुई वीडियो में एक शख्स को महिला को मारते हुए और उसे जबरन कैब में ले जाते हुए दिखाया गया है। कैब के पास खड़ा एक अन्य व्यक्ति चुपचाप सबकुछ देखता रहता है। महिला के साथ उलझा पुरुष नंगे पांव है। व्यस्त सड़क के बीच महिला की पिटाई करते और कैब के अंदर महिला पर घूंसे बरसाते दिखा पुरुष कैब में बैठ जाता है। दूसरा पुरुष भी खामोशी से कैब के अंदर घुस जाता है। सिग्नल ग्रीन होने पर कैब निकल जाती है। कैब ड्राइवर समेत कोई भी महिला की मदद करने की कोशिश करता नहीं दिख रहा है।
पुलिस को रात 10 बजे सूचना मिली
मंगोलपुरी में महिला के साथ बदतमीजी मामले में दिल्ली पुलिस DCP हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रात 10 बजे मंगोलपुरी थाने में सूचना मिली की 3 लड़के एक लड़की को पीटते हुए लेकर गए हैं। सूचना के आधार पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 365 के तहत केस दर्ज़ किया गया। बता दें कि वायरल वीडियो में कैब का नंबर साफ देखा जा सकता है। हरियाणा का कैब होने के कारण ये मामला अंतरराज्यीय भी हो सकता है।
कैब मालिक हरियाणा का, पुलिस कर रही जांच
दिल्ली पुलिस के अनुसार हरियाणा के गुरुग्राम में कैब के मालिक के रजिस्टर्ड पते पर पुलिस की एक टीम भेजी गई है। पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि कैब को आखिरी बार गुरुग्राम में इफको चौक के पास शनिवार रात साढ़े 11 बजे देखा गया था। दिल्ली पुलिस ने कैब और ड्राइवर का पता लगा लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तीनों यात्री कहां उतरे। वाहन को रोहिणी से विकासपुरी के लिए उबर ऐप के माध्यम से बुक किया गया था।
दोस्तों के साथ भिड़ी महिला
उन्होंने कहा, पुलिस की प्रारंभिक जांच और गाड़ी के नंबर के आधार पर पता चला कि कार कैब में चलती थी। गाड़ी के ड्राइवर से पता चला कि रोहिणी इलाके से कल एक बुकिंग हुई थी। जिसमें 2 लड़के और एक महिला थी। गाड़ी में महिला और उसके दोस्त में किसी मुद्दे पर नोक झोंक हुई जो बाद में हाथापाई पर पहुंच गई।
रेड लाइट पर उतरी, जबरन कैब में बिठाने का प्रयास
DCP के अनुसार, मंगोलपुरी में रेड लाइट आने पर कैब रूकी। इसी समय गुस्से में महिला कार से उतर गई। कार में उन्हें वापस लाने के दौरान उनके दोस्त ने हाथापाई की और जबरदस्ती कार में बिठाया। हमने महिला और उनके मित्र से बात की है। उनका बयान लिया जा रहा है। उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications