'सब्जी की तरह बिक रहा एसिड', छात्रा पर तेजाब फेंकने की घटना पर स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को दिया नोटिस
द्वारका में छात्रा पर हुए एसिड अटैक की घटना का दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाब ने संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है।

DCW Chief Swati Maliwal: देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका में एक बाइक सवार युवक ने छात्रा के ऊपर तेजाब फेंक दिया। इस घटना में छात्रा बुरी तरह झुलस गई। पीड़ित छात्रा को सफरदगंज हॉस्पिटल में इलाज के लिए एडिमट कराया गया है। तो वहीं, इस घटना के बाद दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाब ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। स्वाति मालीवाल ने कहा, 'आज एसिड देश में उतनी आसानी से बिक रहा है, जितने आसानी से सब्जी बिकती हैं।'
DCW चीफ स्वाति मालीवाल ने बुधवार को अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा, 'द्वारका मोड़ के पास एक स्कूली छात्रा पर तेज़ाब फेंका। हमारी टीम पीड़िता की मदद के लिए अस्पताल पहुंच रही है। बेटी को इंसाफ़ दिलाएंगे। दिल्ली महिला आयोग सालों से देश में तेज़ाब बैन करने की लड़ाई लड़ रहा है। कब जगेंगी सरकारें?' वहीं, दूसरे ट्वीट में स्वाति मालीवाल ने लिखा, 'देश की राजधानी में दिन दहाड़े एक स्कूली बच्ची पर 2 बदमाश दबंगई से तेज़ाब फेंककर निकल जाते हैं। क्या किसी को भी अब क़ानून का डर है? क्यों तेज़ाब पर बैन नहीं लगाया जाता? SHAME'
वहीं, तीसरे ट्वीट में स्वाति मालीवाल ने लिखा, 'ये दिल्ली में ऐसिड बिक्री का हाल है। आज ऐसिड देश में उतनी आसानी से बिक रहा है जितने आसानी से सब्ज़ी बिकती हैं। हमारे कई रिपोर्ट्स के बावजूद क्यूँ सरकार ऐसिड की रीटेल सेल को पूरी तरह से बैन नहीं करती?' इसके साथ ही DCW चीफ ने 4 अक्टूबर का एक और ट्वीट री-ट्वीट किया है जिसमें लिखा, 'दिल्ली के 2 जिलों के SDM ने एसिड बिक्री पर 6 साल में 1 भी निरीक्षण/छापा नहीं मारा। 6 ज़िलों में 0 पेनल्टी लगायी। Rs 36 लाख पेनल्टी इकट्ठी हुई उसे भी पीड़ित पर खर्च नहीं किया। डिविजनल कमिश्नर, दिल्ली सरकार से इस लापरवाही पर जवाब मांगा है। एसिड बिक्री पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा।'
क्या है पूरा मामला
दरअसल, बुधवार सुबह करीब 09 बजे दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम एक फोन आया। जिसमें बताया गया कि मोहन गार्डन के क्षेत्र में एक स्कूली छात्रा पर दो लड़कों ने तेजाब फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों वहां से फरार हो गए। दिल्ली पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज भी लगा, जिसमें ये वारदात कैद हुई है। चश्मदीदों के मुताबिक 7.30 बजे के आसपास लड़की अपनी बहन के साथ खड़ी थी, तभी दो आरोपी बाइक से आए और उस पर तेजाब फेंक दिया। लड़की की उम्र अभी 17 साल है। फिलहाल गंभीर हालत में उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
एक युवक को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता से प्रारंभिक पूछताछ में उसने दो लोगों का नाम बताए। जिसके आधार पर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच चल रही है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा की हालत स्थिर है।












Click it and Unblock the Notifications