खूबसूरत शैलजा का खौफनाक अंत, मेजर हांडा ने अचानक क्यों बनाया शादी या कत्ल का प्लान?
Recommended Video

दिल्ली। खूबसूरती कई बार खौफनाक अंजाम तक ले जाती है। हुस्न, इश्क और मौत के त्रिकोण का सूफियाना फलसफा आजकल असल जिंदगी में हुस्न, इश्क और कत्ल हो चला है। ब्यूटी कॉन्टेस्ट में फाइनलिस्ट रह चुकी शैलजा द्विवेदी के कत्ल की वारदात और इश्क में जुनूनी हुए मेजर निखिल हांडा की गिरफ्तारी से सनसनी फैली हुई है। शैलजा की जिंदगी में आखिर किस चीज की कमी थी जिसने उनको पति के रहते मेजर निखिल हांडा के करीब ला दिया, यह अभी एक रहस्य है। बताया जा रहा है कि 2015 में नागालैंड के दीमापुर में दोनों की मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ और 2017 में दोनों के रिश्ते गहरे हो चले। शैलजा के पति मेजर अमित की पोस्टिंग दीमापुर में थी और मेजर हांडा भी वहीं तैनात थे। दोनों एक-दूसरे के पड़ोसी थे। दीमापुर से इस एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की स्टोरी शुरू हुई और दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के पास शैलजा की लाश मिलने के साथ ही इसका अंत हुआ। इसके बाद मर्डर मिस्ट्री सुलझाने में पुलिस को ज्यादा वक्त नहीं लगा और मेजर हांडा मेरठ से पकड़ लिया गया।

अचानक मेजर हांडा ने कैसे बनाया प्लान?
पुलिस छानबीन में खुलासा हुआ है कि मेजर हांडा और शैलजा द्विवेदी के बीच चल रहे इश्क की जानकारी पति अमित द्विवेदी को हो गई थी। जब शैलजा की लाश मिली तो उसके बाद पति ने सबसे पहले मेजर हांडा से रिश्ते का जिक्र पुलिस से किया था। इस नाजायज रिश्ते की भनक मिलने के बाद पति ने शैलजा को चेतावनी दी थी जिसके बाद वह मेजर हांडा से दूरी बनाने लगी थी। दीमापुर से शैलजा पति के साथ दिल्ली शिफ्ट हुई तो उधर मेजर हांडा तिलमिलाने लगा। शैलजा का एक बेटा भी है और वो घर को उजड़ने से बचाने के लिए हांडा से बातें कम करने लगी थीं। उधर शैलजा को पाने की ख्वाहिश हांडा को पागल कर रही थीं लेकिन अब बात बनने की बजाय बिगड़ चुकी थी।

पति के साथ विदेश शिफ्ट होने वाली थी शैलजा
शैलजा जब दीमापुर से दिल्ली पति के साथ शिफ्ट हुई थी उसके बाद से ही मेजर हांडा बौखलाया हुआ था। मेजर अमित दिल्ली स्पेशल कोर्स के लिए आए थे और इसके बाद अंतरराष्ट्रीय संस्था यूनाइटेड नेशंस की पोस्टिंग पर वो विदेश जाने वाले थे। शैलजा पति के साथ विदेश जाने वाली थी। यह जानकारी मिलते ही मेजर हांडा बहुत ज्यादा खफा हो गया और उसने शैलजा को पाने या उसके कत्ल करने का प्लान बनाया। वह शैलजा को विदेश जाने से रोकना चाहता था। यह तभी हो सकता था जब शैलजा अपने पति से अलग हो जाती जिसके लिए वह तैयार नहीं थी।

मेजर हांडा ने बनाया कत्ल का प्लान -1
दिल्ली आने से पहले मेजर हांडा ने तेज धार वाली स्विस नाइफ खरीदी। हांडा को पता चला कि पैर में चोट लगने की वजह से दिल्ली के आर्मी बेस हॉस्पिटल में शैलजा का इलाज चल रहा है। उसने भी माइग्रेन की शिकायत लेकर अस्पताल में खुद को एडमिट करा लिया। शैलजा और निखिल दोनों अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए थे। शैलजा फिजियोथेरेपी कराने अस्पताल जाती थी। हांडा ने अब अपने बेटे को उसी अस्पताल में भर्ती करा दिया।

मेजर हांडा ने बनाया कत्ल का प्लान -2
कत्ल की सुबह यानी 23 जून को 8.30 बजे उसने शैलजा को फोन किया। फिजियोथेरेपी कराने के लिए शैलजा 10.30 बजे आरआर हॉस्पिटल पहुंची जहां मेजर हांडा पहले से कार लेकर मौजूद था। शैलजा ने अपने ड्राइवर को जाने को कहा। वह मेजर हांडा की कार में बैठी। कार लेकर हांडा शैलजा को इधर-उधर घुमाता रहा और अफेयर जारी रखने को कहा। शैलजा इनकार करती रही जिसके बाद मेजर हांडा ने कत्ल के प्लान को अंजाम दिया। स्विस नाइफ निकाली, शैलजा का गला रेता, उसे दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के पास सड़क पर फेंका, उसके चेहरे को गाड़ी से पहली बार रौंदा, फिर आगे-पीछे कर तीन बार और चेहरे को कुचला, फिर चलता बना। मेजर हांडा ने सोचा था कि चेहरे को कुचलने से गला रेतने के सबूत मिट जाएंगे और यह हादसा मान लिया जाएगा। उसने यह भी सोचा होगा कि पुलिस अस्पताल में उसकी मौजूदगी के बारे में पूछेगी तो वो बता देगा कि बेटा भर्ती है लेकिन उसके मंसूबे धरे के धरे रह गए।

पोस्टमॉर्टम से पता चला, कत्ल हुआ
पुलिस शैलजा की लाश लेकर गई उधर मेजर पति उसको तलाशते पुलिस स्टेशन पहुंचे और गायब बीवी की लाश की शिनाख्त कर ली। पति ने मेजर हांडा पर शक जताया। पुलिस ने शैलजा की कॉल डिटेल निकाली जिसमें आखिरी कॉल मेजर हांडा ने की थी। इसके बाद हांडा का फोन स्विच ऑफ निकला। सीसीटीवी में हांडा अस्पताल में शैलजा के साथ जाते दिख गया। पुलिस ने हांडा के मोबाइल को सर्विलांस पर ले रखा था। जैसे ही मेजर हांडा की लोकेशन मेरठ में मिली, वो पुलिस की गिरफ्त में आ गया जिसके बाद कत्ल की गुत्थी सुलझ गई। मेजर हांडा ने बहुत शातिर प्लान बनाया था लेकिन शायद वह भूल गया था कि कातिल कितनी भी कोशिश कर ले, जुर्म के सुराग पीछे छोड़ ही जाता है।












Click it and Unblock the Notifications