दिल्ली जल बोर्ड केस में सत्येंद्र जैन को बड़ी राहत, मिली जमानत, क्या है पूरा मामला और अब केस का क्या होगा?
आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने गुरुवार को उनकी जमानत याचिका मंजूर कर ली।
स्पेशल जज दिग्विनय सिंह ने जमानत देते हुए दो लाख रुपये के मुचलके और इतनी ही रकम की दो जमानतें जमा करने की शर्त रखी। लेकिन यहां एक बात साफ समझना जरूरी है। जमानत मिलने का मतलब यह नहीं है कि मामला खत्म हो गया। जैन के खिलाफ जांच एजेंसी के आरोपों पर आगे की कानूनी प्रक्रिया चलती रहेगी।

क्या है दिल्ली जल बोर्ड का पूरा मामला?
यह केस दिल्ली जल बोर्ड यानी डीजेबी की सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट यानी एसटीपी परियोजनाओं से जुड़े ठेकों की प्रक्रिया पर है। मामला मई 2024 में दिल्ली सरकार के निदेशालय सतर्कता की शिकायत के बाद दर्ज किया गया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि एसटीपी को अपग्रेड करने के लिए निकाले गए टेंडरों में कथित तौर पर नियम और शर्तों में बदलाव किए गए।
आरोप सिर्फ टेंडर प्रक्रिया तक सीमित नहीं हैं। मामले में कथित आपराधिक साजिश और रिश्वत के लेन-देन की भी जांच हो रही है। सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
8 अगस्त को हुई थी गिरफ्तारी, अब मिली जमानत
एंटी करप्शन ब्रांच यानी एसीबी ने 18 अगस्त को सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया था। इस केस में जैन समेत कुल छह लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। गिरफ्तारी के अगले दिन यानी 19 अगस्त को अदालत ने उनकी गिरफ्तारी को अवैध घोषित करने से इनकार कर दिया था।
इसके बाद जैन की ओर से जमानत के लिए अदालत का रुख किया गया। अब 03 सितंबर को राऊज एवेन्यू कोर्ट ने जमानत दे दी। इससे जैन को फिलहाल राहत मिली है, लेकिन मुकदमे की कानूनी लड़ाई अभी बाकी है।
सत्येंद्र जैन के वकील ने कोर्ट में क्या दलील दी?
जमानत की सुनवाई के दौरान सत्येंद्र जैन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एन हरिहरन ने गिरफ्तारी के समय को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने अदालत में कहा कि एफआईआर दर्ज होने के करीब 27 महीने बाद जैन को गिरफ्तार किया गया। उनके मुताबिक इस दौरान जैन को पूछताछ के लिए सिर्फ एक बार बुलाया गया था।
दूसरी बार बुलाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। वकील ने यह भी दलील दी कि केस से जुड़ी सामग्री मुख्य रूप से दस्तावेजों के रूप में है। जांच एजेंसी पहले ही जरूरी दस्तावेज और दूसरी सामग्री अपने कब्जे में ले चुकी है। ऐसे में जैन को हिरासत में रखने की जरूरत नहीं है।
क्या जमानत के बाद केस खत्म हो जाएगा?
नहीं। यह इस मामले का सबसे जरूरी पहलू है। अदालत का जमानत देना सिर्फ हिरासत से राहत देता है। इससे आरोप खत्म नहीं होते और न ही केस अपने आप बंद होता है। जांच एजेंसी के आरोपों पर आगे अदालत में कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी। सत्येंद्र जैन अभी जेल से बाहर रहकर इस मामले में अपनी कानूनी लड़ाई लड़ सकेंगे। आगे आरोपों पर अदालत में सुनवाई होगी और केस की दिशा उसी प्रक्रिया से तय होगी।
आप ने जताई खुशी, सौरभ भारद्वाज ने लिखा- 'सत्यमेव जयते'
सत्येंद्र जैन को जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी में भी खुशी देखने को मिली। दिल्ली के पूर्व मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए "सत्यमेव जयते" लिखा। फिलहाल इस मामले में जैन को अदालत से राहत जरूर मिली है। लेकिन दिल्ली जल बोर्ड के एसटीपी टेंडर में कथित गड़बड़ी, रिश्वत और साजिश के आरोपों पर अदालत की प्रक्रिया अभी जारी रहेगी। यही वजह है कि जमानत को केस से क्लीन चिट समझना सही नहीं होगा।


Click it and Unblock the Notifications
