‘खुलकर संविधान बदलने की बात कहते हैं BJP नेता, इसे बचाने के लिए आखिरी दम तक लड़ेंगे’, बोले संजय सिंह
आम आदमी पार्टी ने रविवार को डॉ. बीआर अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 'संविधान बचाओ, तानाशाही हटाओ दिवस' मनाया। ये अभियान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के संदेश और पार्टी के विचारों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए मनाया गया। ये अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। इस दौरान आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने जनता को संबोधित किया।
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के हर कार्यकर्ता का संकल्प होना चाहिए कि बाबा साहेब द्वारा बनाए गए संविधान को बचाने के लिए अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वे संविधान बदलने की दिशा में प्रयासरत हैं।

संजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा, "अयोध्या के एक सांसद एक वीडियो में कह रहे हैं कि 272 में काम नहीं चला रहा है। अगर संविधान बदलना है तो दो तिहाई बहुमत दिलाएं। इसलिए आप ज्यादा से ज्यादा सीट दिलाएं, हमें संविधान बदलना है। यह कितनी खतरनाक बात है। इसलिए आज इस मंच से हमने आज शपथ ली है कि संविधान को बचाने के लिए अंतिम सांस तक लगाई लड़ेंगे।"
इस दौरान आप नेता ने दिल्ली के उपराज्यसाल वीके सक्सेना पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल एक कार्यक्रम में कह रहे थे कि जेल से सरकार नहीं चलेगी। भाजपा के लोग भी कह रहे थे कि जेल से सरकार नहीं चलेगी। जबकि हमारे मंत्री कह रहे थे कि सरकार जेल से ही चलेगी लेकिन कल उपराज्यपाल ने भी थक हार कर कह दिया कि सरकार की कोई योजनाएं नहीं रुकेगी।
बता दें कि इस अभियान में शामिल होने से पहले संजय सिंह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात करने के लिए उनके आवास पहुंचे थे। उन्होंने इस मुलाकात पर कहा कि जेल से रिहा होने के बाद मुझे उनसे मिलना था और आने वाली लड़ाई के लिए उनका आशीर्वाद लेना था।
संजय सिंह ने कहा कि जिस तरह से अरविंद केजरीवाल जी और दूसरे विपक्ष के नेताओं को जेल में डाला जा रहा है, उससे देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में हैं, हमें देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ाई लड़नी है। हमने I.N.D.I.A. गठबंधन का कॉमन मिनिमम प्रोग्राम जारी करने का प्रस्ताव भी रखा।












Click it and Unblock the Notifications