Delhi Crime: लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर फायरिंग मामले में रोहित सोलंकी अरेस्ट, गोदारा गैंग से जुड़े तार
Rohit Solanki Arrested: दिल्ली का कश्मीरी गेट इलाका उस समय दहल गया जब बदमाशों ने एक कार को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में हुई सनसनीखेज फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के वकील दीपक खत्री और उनके साथियों पर हमला करने के आरोप में रोहित सोलंकी नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी के तार विदेश में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

इस कार में लॉरेंस बिश्नोई के कानूनी दल (Legal Team) के सदस्य और वकील दीपक खत्री अपने साथियों के साथ सवार थे। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोहित सोलंकी को धर दबोचा है।
Rohit Godara gang Delhi: कश्मीरी गेट पर क्या हुआ था?
पुलिस के अनुसार, वकील दीपक खत्री अपने चार साथियों के साथ कार से जा रहे थे, तभी कश्मीरी गेट क्षेत्र में हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमले के वक्त कार में कुल 5 लोग सवार थे। इस फायरिंग में एक व्यक्ति को गोली लगी है और वह घायल बताया जा रहा है। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में सवार लोगों में दीपक खत्री शामिल थे, जिन्होंने पुलिस को बताया कि वे लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम का हिस्सा हैं।
रोहित गोदारा गैंग का कनेक्शन
गिरफ्तार आरोपी रोहित सोलंकी की जांच में पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली है। रोहित सोलंकी के संबंध सीधे तौर पर रोहित गोदारा गैंग से हैं। रोहित गोदारा को लॉरेंस बिश्नोई का बेहद करीबी और उसके सिंडिकेट का अहम हिस्सा माना जाता है, जो फिलहाल विदेश से अपनी गतिविधियां चला रहा है। पुलिस इस एंगल से जांच कर रही है कि क्या यह हमला आपसी वर्चस्व की लड़ाई का हिस्सा है या फिर बिश्नोई गैंग के भीतर ही किसी आंतरिक खींचतान का नतीजा।
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि फायरिंग की घटना की सूचना मिलते ही स्पेशल सेल और स्थानीय पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई थीं। सीसीटीवी फुटेज और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से रोहित सोलंकी को ट्रेस किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।कश्मीरी गेट जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था और गैंगस्टरों के बुलंद हौसलों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब रोहित सोलंकी से पूछताछ कर रही है ताकि हमले में शामिल अन्य शूटरों का पता लगाया जा सके।
दिल्ली में छाया गैंगवार का साया
लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर हमले के बाद अदालती गलियारों में भी तनाव का माहौल है। वकील दीपक खत्री ने खुद की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि गैंगस्टरों के मुकदमों से जुड़े वकीलों को अक्सर इस तरह की धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ता है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग और उससे जुड़े गुर्गों की सक्रियता ने दिल्ली को एक बार फिर गैंगवार के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है। रोहित सोलंकी की गिरफ्तारी इस साजिश की परतों को खोलने की पहली कड़ी है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही इस हमले के पीछे के मास्टरमाइंड का भी खुलासा हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications