Delhi: बढ़ाई 57% फीस, अब और 25 फीसदी की तैयारी, प्राइवेट स्कूल की मनमानी के खिलाफ पेरेंट्स का हल्ला बोल
Delhi Private School Fees: दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी लगातार जारी है। डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन को लगातार मिल रही शिकायतों में ताजा मामला मयूर विहार फेज 3 के सलवान पब्लिक स्कूल का है। पेरेंट्स की ओर से डीईओ को भेजी गई शिकायत के अनुसार स्कूल एक साल में ही करीब 57 फीसदी फीस बढ़ा चुका है।
अप्रैल से शुरू होने जा रहे नए सत्र के लिए स्कूल ने पेरेंट्स को भेजे सर्कुलर में ये भी खास तौर पर कहा है कि वह 82 फीसदी फीस बढ़ाएगा। इसमें से अब तक 57 फीसदी की बढ़ोतरी की जा चुकी है। बाकी 25 फीसदी की बढ़ोतरी आगे की जानी है।

स्कूल की इस मनमानी की शिकायत बड़ी संख्या में पेरेंट्स ने डिप्टी डायरेक्टर, एजुकेशन, जोन 2 से लिखित आवेदन देकर की है। पेरेंट्स ने इस मामले में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और शिक्षा मंत्री आशीष सूद को भी ईमेल के जरिए शिकायत दर्ज कराई है। इधर, बच्चों के अभिभावक इस मामले में स्कूल प्रशासन से इतने डरे हुए हैं कि उन्होंने इस मामले में किसी भी तरह की तस्वीर देने से इनकार कर रहे हैं।
हाईकोर्ट के फैसले के पहले ही मनमानी पर उतारू
दिल्ली में डीडीए की ओर मिली जमीन पर चल रहे स्कूलों को फीस बढ़ाने के पहले शिक्षा विभाग से अनुमति लेनी होती है। इस बारे में दिल्ली हाइकोर्ट भी पहले एक मामले की सुनवाई करते हुए इस सही ठहरा चुका है। हालांकि, बीते वर्ष एक बार फिर इस मामले में स्कूलों से जुड़ी एक संस्था की ओर से हाइकोर्ट में याचिका दायर कर स्कूलों को फीस बढ़ाने की अनुमति देने की मांग की गई थी। अभी इस याचिका पर अंतिम फैसला नहीं आया है। इसके बावजूद सलवान स्कूल की ओर से फीस वृद्धि का सर्कुलर भेज दिया गया।
मैनेजमेंट ने थमाया कार्रवाई का नोटिस
पेरेंट्स का कहना है कि जब उन्होंने स्कूल से अनुमति दिखाने को कहा तो मैनेजमेट की ओर से उन्हें स्पीड पोस्ट के जरिए नोटिस थमा दिया गया। इस नोटिस में लिखा है कि स्कूल की बात ना मानने पर कार्रवाई की जाएगी।
रिजल्ट रोकने की थी तैयारी, पेरेंट्स के विरोध के आगे झुका स्कूल
इससे पहले 22 मार्च को रिजल्ट की घोषणा के दिन भी स्कूल ने बढ़ी हुई फीस न देने पर छात्रों को मार्कशीट देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, बाद में बड़ी संख्या में पेरेंट्स के इकट्ठे होने और विरोध करने पर स्कूल को झुकना पड़ा। नारेबाजी और हंगामे की संभावना को देखते हुए आखिरकार स्कूल को मार्कशीट जारी करनी पड़ीं थीं।












Click it and Unblock the Notifications