प्याज पर गर्माई सियासत: केजरीवाल सरकार बोली- दिल्ली में 15 रु. किलो के रेट से प्याज दिलवाए केंद्र
नई दिल्ली। प्याज के बढ़ते दामों से कई राज्यों में लोगों के खाने का जायका बिगड़ा हुआ है। राजधानी दिल्ली में प्याज 80 से 100 रुपए किलो तक बिक रही है। यहां की बड़ी मंडियों में भी प्याज के दाम 60 रुपये प्रति किलो तक हैं। ऐसे में राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि प्याज की आपूर्ति बहाल की जाए। केजरीवाल की अगुवाई वाली सरकार ने यहां तक कहा है कि दिल्लीवासियों को 15.60 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज की उपलब्धता सुनिश्चित हो। दिल्ली के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन ने कहा कि ऐसा नहीं लगना चाहिए कि सरकार आवश्यक खाद्य पदार्थों से लाभ कमा रही है।

केजरीवाल बोले- मोदी सरकार ने रोकी सस्ते प्याज की सप्लाई
बकौल हुसैन, ''भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (नैफेड) ने प्याज की आपूर्ति बंद कर दी है। नैफेड ने कहा कि दिल्ली में प्याज उपलब्ध कराने के लिए उसे अलवर के बाजार से खरीदना पड़ेगा और बाद में मिस्र से आयात होने वाले प्याज की खेप में से लेना होगा।'' वहीं हुसैन से पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि केंद्र ने दिल्ली सरकार को सस्ते प्याज की सप्लाई रोक दी है। बुधवार को केजरीवाल ने आरोप लगाए थे दिल्ली सरकार को नियंत्रित मूल्य वाली प्याज की सप्लाई रोक दी गई है, जो कि बहुत गलत है।

भारत नहीं पहुंच रही पाकिस्तानी प्याज, पाक में टमाटरों का टोटा
अरविंद केजरीवाल का कहना है कि हम मोदी सरकार से लिखित में मांग करेंगे कि प्याज की आपूर्ति जारी रखे। वहीं, कई अधिकारियों का कहना है कि प्याज के दाम बढ़ने की एक बड़ी वजह पाकिस्तान से सब्जियों का व्यापार न होना है। भारत में प्याज बड़े पैमाने पर पाकिस्तान से आती थी। हालांकि, इसी साल फरवरी माह से ही दोनों मुल्कों में व्यापार लगभग थम ही गया। पाकिस्तान में भी टमाटरों की किल्लत मची हुई है।












Click it and Unblock the Notifications