Mundka fire: कोई खोज रहा अपनी भतीजी, तो कोई पत्नी, अभी तक 28 के लापता होने की रिपोर्ट
नई दिल्ली, 14 मई: राजधानी दिल्ली के मुंडका इलाके में शुक्रवार को मेट्रो स्टेशन के पास एक बिल्डिंग में भीषण आग लग गई, जिसमें 27 लोगों की मौत हुई, जबकि 12 लोग घायल बताए जा रहे। वहीं दूसरी ओर घटना में 28 लोगों के गुम होने की रिपोर्ट पुलिस को मिली है, जिस वजह से शनिवार सुबह दोबारा से एनडीआरएफ और फायर डिपार्टमेंट ने सर्च अभियान शुरू किया। इसके अलावा जिस अस्पताल में घायलों को भर्ती करवाया गया है, वहां पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है।

लोगो से ली जा रही डिटेल
नागरिक सुरक्षा अधिकारी एसपी तोमर के मुताबिक संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में मुंडका अग्निकांड के घायल भर्ती हैं, ऐसे में वहां पर एक हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। घटना के बाद जो लोग अपने परिजनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा रहे, यहां पर उनसे घायलों की पहचान करवाई जा रही है। अभी तक 28 गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई हैं। जो लोग शिकायत लेकर आ रहे उनकी जानकारी और लापता व्यक्ति का विवरण दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि हमने डीएम वेस्ट से एक हेल्पलाइन नंबर डाला है। जैसे ही हमें कोई जानकारी मिलती है, उन्हें सूचित किया जाएगा।
Recommended Video

अपनों की तलाश में लोग
वहीं अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हैं। वहां विजय नाम के एक शख्स ने कहा कि मेरी पत्नी गायब है। वो वहां सेल्स मैनेजर के रूप में काम करती थी। मैंने शुक्रवार शाम 4.10 बजे उससे आखिरी बार बात की थी। मैंने उसे फिर से फोन किया, फोन बज रहा था लेकिन किसी ने भी कॉल रिसीव नहीं की। वहीं अंजू नाम की एक महिला ने कहा कि उनकी भतीजी गायब है, वो वहां पर तीन साल से काम कर रही थी।

डीएनए टेस्ट से होगी पहचान
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दूसरी मंजिल पर सबसे ज्यादा लोगों की मौत हुई है, क्योंकि वहां पर कोई प्रोग्राम चल रहा था। आग की वजह से बहुत से लोगों के शव पूरी तरह से जल गए हैं, ऐसे में उनके डीएनए लिए जा रहे, सर्च ऑपरेशन खत्म होने के बाद उनकी जांच करवाकर पहचान की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications