रोटी गोल नहीं बनी, बस इसलिए गर्भवती पत्नी को मार दिया
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक गर्भवती महिला को उसके पति ने इसलिए मार दिया क्योंकि महिला ने जो रोटी बनाई वो पूरी तरह गोल नहीं बनी थी। दिल दहला देने वाली ये घटना जहांगीरपुरी इलाके की है।

रोटी को लेकर अकसर होती थी लड़ाई
बताया जा रहा है कि शनिवार रात में आरोपी पति ने अपनी गर्भवती पत्नी को मार दिया, हालांकि मामले का खुलासा रविवार सुबह करीब 4 बजे उस समय हुआ जब मृत महिला का भाई आया। मृतक महिला के भाई ने तुरंत ही मामले की सूचना पुलिस को दी। उसने बताया कि उनकी बहन फ्लैट में बेहोशी की हालत में पड़ी हुई है, उनकी चार साल की बच्ची घर के एक कमरे में कैद थी।

चार महीने की गर्भवती थी मृतका
मृतक महिला की पहचान 22 वर्षीय सिमरन के तौर पर हुई है। उसे अस्पताल भी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत करार दिया। जानकारी के मुताबिक वह चार महीने की गर्भवती थी। फिलहाल आरोपी पति घटना के बाद से ही फरार है। मृतक महिला की चार वर्षीय बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता में गोल रोटी को लेकर अक्सर लड़ा करते थे। बच्ची ने बताया कि उसकी मां बहुत अच्छी कुक थी लेकिन उनसे रोटी गोल नहीं बन पाती थी।

चार साल की बच्ची ने किया मामले का खुलासा
शनिवार रात साढ़े दस बजे भी पति-पत्नी के बीच रोटी को लेकर लड़ाई हुई, इसी दौरान आरोपी पति ने सिमरन के पेट में जोर से लात मार दी। इसके बाद सिमरन जमीन पर गिर गई। चार साल की बच्ची तुरंत ही अपने मां के पास पहुंची लेकिन बच्ची के पिता ने उसे एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। जानकारी के मुताबिक सिमरन अपने पति के साथ करीब एक साल तक लिव-इन में रही थी। इसके बाद करीब पांच साल पहले उन्होंने शादी की। उनका खुद का बिजनेस था जो चल नहीं सका, आखिरकार आरोपी शख्स दो साल से एक फैक्ट्री में काम करने को मजबूर था।
इसे भी पढ़ें:- 'पीछा करता रहा, फिर सामने आया और करने लगा गंदी हरकत'