नींबू पर चढ़ाना था थार का पहिया, महिला ने शोरूम की पहली मंजिल से कुदा दी कार, क्या अब मिलेगा इंश्योरेंस?
पूर्वी दिल्ली के निर्माण विहार से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मामला एक नई-नवेली महिंद्रा थार के शोरूम की पहली मंजिल से गिरने का है। यह घटना उस समय हुई जब कार मालिक एक धार्मिक रस्म
के लिए गाड़ी में बैठे थे और तभी गलती से एक्सीलरेटर दब गया। इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद के रहने वाले प्रदीप और उनकी पत्नी मणि पवार ने निर्माण विहार में स्थित महिंद्रा शोरूम से एक नई थार रॉक्स (Thar Rox) खरीदी थी। गाड़ी की डिलीवरी के वक्त, कपल और शोरूम के एक कर्मचारी, विकास, पहली मंजिल पर गाड़ी में बैठे थे।

नींबू पर चढ़ाना था थार का पहिया
इसी दौरान, एक पारंपरिक अनुष्ठान किया जा रहा था, जिसमें गाड़ी के पहिए के नीचे नींबू रखकर उस पर कार को चढ़ाया जाता है। तभी कार मालिक मणि पवार ने गलती से एक्सीलरेटर दबा दिया, जिससे थार बेकाबू होकर शोरूम की पहली मंजिल से सीधे नीचे सड़क पर जा गिरी।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
यह घटना सोमवार शाम को हुई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हादसे में गाड़ी पूरी तरह से पलट गई, लेकिन गनीमत रही कि कोई भी यात्री या राहगीर घायल नहीं हुआ। हालांकि, पास खड़ी एक मोटरसाइकिल को मामूली नुकसान पहुंचा। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
क्या अब मिलेगा इंश्योरेंस?
यह सवाल हर किसी के मन में है कि क्या इस तरह के हादसे में इंश्योरेंस क्लेम मिल पाएगा? इसका सीधा जवाब है, हां! कोई भी नई कार खरीदते समय, उसका इंश्योरेंस डिलीवरी से पहले ही हो चुका होता है। इसलिए, अगर गाड़ी की डिलीवरी के समय या शोरूम से बाहर निकलते ही कोई दुर्घटना होती है, तो यह इंश्योरेंस में कवर की जाती है।
कार मालिक के कोई चार्ज भी देना होगा?
इस मामले में थार खरीदने वाली महिला भी अपनी कार को हुए नुकसान की भरपाई इंश्योरेंस कंपनी से करवा सकती है। नई कारों के लिए अक्सर जीरो डेप्रिसिएशन (Zero Depreciation) या जीरो डेप इंश्योरेंस पॉलिसी दी जाती है।
इस पॉलिसी के तहत, छोटे-बड़े सभी तरह के नुकसान की मरम्मत का पूरा खर्च इंश्योरेंस कंपनी उठाती है। कार मालिक को सिर्फ मामूली फाइल चार्ज देना पड़ता है। हालांकि, यह भी संभव है कि शोरूम के नुकसान की भरपाई ग्राहक से मांगी जाए। लेकिन कानूनी रूप से, चूंकि गाड़ी का इंश्योरेंस हो चुका था, इसलिए क्लेम मिलना लगभग तय है।












Click it and Unblock the Notifications