प्रवासी मजदूरों का दिल्ली छोड़ने का सिलसिला जारी, एलजी अनिल बैजल की अपील- कहीं ना जाएं, सरकार आपके साथ
नई दिल्ली, 20 अप्रैल: दिल्ली सरकार के छह दिन का लॉकडाउन लगाने के बाद दूसरे राज्यों के लोग लगातार राजधानी छोड़ रहे हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लॉकडाउन का ऐलान करते ही प्रवासी मजदूरों में अफरातफरी देखने को मिल रही है। दिल्ली के आनंद विहार, सराय काले खां, कौशांबी बस अड्डों से हजारों लोग लौट रहे हैं। इसको देखते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने प्रवासी नागरिकों से अपील की है कि वह दिल्ली छोड़कर ना जाएं, उनका पूरा ख्याल रखा जाएगा।

दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने मंगलवार को ट्वीट कर लिखा है- मेरी दिल्ली के सभी प्रवासी नागरिकों से अपील है कि घबराहट में दिल्ली छोड़ कर ना जाएं। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि कोरोना आपदा की इस स्थिति के दौरान सरकार आपकी सभी जरूरतों का ख्याल रखेगी। आपके लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं। आप दिल्ली को अपने अथक परिश्रम से चलाते हैं और यह शहर आपका अपना है। अनिल बैजल ने निर्देश दिए हैं कि मजदूरों में किसी तरह का पैनिक ना हो, इस तरह की व्यवस्था की जाए।
केजरीवाल ने भी की अपील
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी प्रवासी मजदूरों से राजधानी ना छोड़ने की अपील की है। केजरीवाल ने कहा, प्रवासी मजदूरों से हाथ जोड़कर अपील करना चाहता हूं कि दिल्ली छोड़ कर मत जाएं. यह छोटा सा लॉकडाउन है। सरकार आपकी सभी जरूरतों का ध्यान रखेगी। हम सब मिलकर इस परिस्थिति का सामना करेंगे।
बता दें कि सोमवार को दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ऐलान किया था कि रात 10 बजे से अगले सोमवार को सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लगाया जा रहा है। सरकार के इस फैसले के बाद लोगों में बेचैनी देखने को मिली और हजारों लोग दूसरे शहरों को लौटने लगे।
दिल्ली से मजदूरों का पलायन, आनंद विहार, सराय काले खां बस अड्डे पर उमड़ी हजारों की भीड़



Click it and Unblock the Notifications