दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष बनाए गए कपिल मिश्रा को अपनी सीट पर कितने वोट मिले थे? जानिए
Kapil Mishra News: भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई ने शनिवार को कपिल मिश्रा को बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी है। दरअसल, कपिल मिश्रा को पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष बना दिया गया है। इस बात की आधिकारिक जानकारी दिल्ली बीजेपी के प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दी है। चलिए इन सब के बीच जानते हैं कि कपिल मिश्रा की पार्टी में क्या हैसियत है और उन्हें पिछले दिल्ली विधानसभा चुनाव में कितना वोट प्राप्त हुआ था।
कपिल मिश्रा को अपनी सीट पर कितने वोट मिले थे?
बता दें कि 2020 में दिल्ली की मॉडल टाउन विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) को हार का सामना करना पड़ा था। इस सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के अखिलेश पति त्रिपाठी ने जीत दर्ज कर ली थी। अब वोटों की संख्या की बात करें तो कपिल मिश्रा को 41532 वोट मिले थे। वहीं AAP उम्मीदवार को 52665 वोट हासिल हुए थे। यानी कपिल मिश्रा को 11133 वोट से हार का सामना करना पड़ा था।

कौन हैं कपिल मिश्रा (Who is Kapil Mishra)
बता दें कपिल मिश्रा पहले आम आदमी पार्टी में थे और उन्हें पार्टी का फाउंडर मेंबर के तौर पर जाना जाता था। वह सीएम केजरीवाल के भी खासम खास माने जाते थे। लेकिन बाद में विवाद होने के बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया था और 2019 में भाजपा का दामन थाम लिया था। 2020 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी ने मॉडल टाउन से टिकट दिया था, लेकिन उन्हें आप के अखिलेश त्रिपाठी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
उपाध्यक्ष बनाए जाने पर कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर जताया आभार
दिल्ली बीजेपी का उपाध्य़क्ष बनाए जाने के मौके पर कपिल मिश्रा (Kapil Mishra) ने ट्वीट कर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति अपना आभार प्रकट किया है। एक छोटे से कार्यकर्ता को इस प्रकार स्नेह पूर्ण अपनाना केवल भाजपा में ही संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का अत्यंत आभार।राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी का आभार इस जिम्मेदारी के योग्य मुझे समझने के लिए। गृहमंत्री अमित शाह जी का आभार जिनके मार्गदर्शन में दिल्ली बड़े परिवर्तन की ओर बढ़ रहा है। दिल्ली के यशस्वी अध्यक्ष और मेरे बड़े भाई श्री विरेंद्र सचदेवा जी का आभार जिन्होंने मुझे अपनी टीम का सदस्य बनाने योग्य समझा।












Click it and Unblock the Notifications