Kanjhawala Case: अंजलि को घसीटने वाली कार की फोरेंसिक टीम कर रही जांच, आरोपी आशुतोष की जमानत पर फैसला सुरक्षित
Kanjhawala Case में फोरेंसिक की एक टीम ने दुर्घटना में शामिल कार की जांच कर रही है। वहीं रोहिणी अदालत ने आरोपी आशुतोष की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है।

Kanjhawala Case Update: राजधानी दिल्ली में नए साल के जश्न के बीच हुए कंझावला कांड की गुत्थी अभी तक सुलझी नहीं हैं। कंझावला में 01 जनवरी के तड़के कार सवार 5 लोगों ने एक स्कूटी सवार लड़की को पहले टक्कर मारी और फिर उसे कई किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गए, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई है। इस पूरे मामले में घटना की चश्मदीद गवाह मृतक अंजलि की दोस्त के साथ-साथ कई लोगों के बयान दर्ज हो चुके हैं। घटना के पांचों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। वहीं इस पूरे मामले में फोरेंसिक टीम मृतका अंजलि को घसीटने वाली कार की जांच कर रही है।
फोरेंसिक टीम कर रही कार की जांच
दिल्ली के कंझावला सड़क हादसे की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है, जो डीसीपी की देखरेख में काम करेगी। गुरुवार को नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी, गांधीनगर के फोरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम ने दुर्घटना में शामिल कार की जांच की, जिससे 20 वर्षीय अंजलि की मौत हो गई थी।
आरोपी आशुतोष की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित
इधर, कंझावला मामले की सुनवाई रोहिणी कोर्ट में चल रही है। अदालत ने दिल्ली पुलिस और बचाव पक्ष के वकील की दलीलें सुनने के बाद आरोपी आशुतोष की जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया। अशुतोष के वकील ने कोर्ट में कहा कि घटना के वक्त आरोपी कार में नहीं था। पुलिस ने कहा कि उसने अन्य आरोपियों को गुमराह किया और शरण दी। बता दें कि आशुतोष हादसे वाली कार बलेनो का मालिक है, जो जिसे गिरफ्तार किया गया था।
14 दिनों की न्यायिक हिरासत में आरोपी
इससे पहले 9 जनवरी को कोर्ट ने सभी छह आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा है। बता दें कि पुलिस हर गवाह और पक्ष से गहनता से पूछताछ कर रही है। अगर जरूरत पड़ी तो पुलिस नार्को टेस्ट भी करा सकती है।












Click it and Unblock the Notifications