फिर विवादों में JNU, एक और प्रोफेसर पर छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में FIR दर्ज
नई दिल्ली: दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय का विवादों से पुराना नाता है। आये दिन जेएनयू किसी न किसी विवाद के कारण चर्चा में रहता है। अभी एक महीने पहले ही प्रोफेसर अतुल जौहरी पर 8 स्टूडेंट्स ने उत्पीड़न का आरोप लगाया था जिसके बाद प्रोफेसर की गिरफ्तारी भी हुई थी। वहीं अब एक और प्रोफेसर पर छात्रा ने उत्पीड़न का आरोप लगाया है। ये आरोप सेंटर ऑफ स्टडीज इन साइंस पॉलिसी डिपार्टमेंट के असिस्टेंट प्रोफेसर राजबीर सिंह पर लगा है। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की लिया है।
छात्रा ने प्रोफेसर पर आरोप लगाया है कि वो और उसके कुछ साथी जब एक प्रोटेस्ट में शामिल होने के लिए प्रोफेसर को बुलाने गए थे, किसी बात से नाराज प्रोफेसर ने छात्रों को धक्का दिया और उन्हें पीटा। उसके बाद प्रोफेसर ने छात्रा को गलत तरीके से छुआ और कई बार मना करने के बाद भी राजबीर सिंह ऐसा करते रहे। छात्रा ने कहा कि प्रोफेसर ने पुलिस से शिकायत ना करने की धमकी भी दी थी। ये घटना 9 फरवरी की है।
बता दें कि जेएनयू के ही प्रोफेसर अतुल जौहरी और महेंद्र पी लामा पर यौन शोषण का आरोप लगा था और इसको लेकर काफी हंगामा भी हुआ था। एक छात्रा ने महेंद्र पी लामा पर आरोप लगाया था कि जब वो प्रोफेसर के साथ टूर पर चीन गई थी, वहीं पर महेंद्र पी लामा ने उसका यौन शोषण किया था।