गुरु रविदास जयंती पर BJP का बड़ा अभियान, CM रेखी बोलीं- सुबको बराबरी और सम्मान मिले
Guru Ravidas Jayanti: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के मौके पर भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में 'समरसता संकल्प अभियान एवं पावन माटी कलश वितरण' कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में नितिन नबीन ने गुरु रविदास महाराज को नमन किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समाज में मौजूद ऊंच-नीच और भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनके विचारों ने समानता और सामाजिक भाईचारे की सोच को मजबूत किया। नितिन नबीन के मुताबिक, 'समरसता संकल्प अभियान' का मकसद गुरु रविदास के इन्हीं विचारों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन हुई थी।

इस अभियान में गुरु रविदास की तपोभूमि की पावन मिट्टी से भरे कलश देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाए जाएंगे। भाजपा इसे संत रविदास के एकता और सामाजिक समरसता के संदेश से जोड़कर देख रही है।
'सबको बराबरी और सम्मान मिले'
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि गुरु रविदास ने ऐसा समाज बनाने का रास्ता दिखाया, जहां हर इंसान की मेहनत और सम्मान की कद्र हो। उनके विचार सामाजिक बराबरी, न्याय और एकता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि पावन माटी कलश सिर्फ मिट्टी का प्रतीक नहीं हैं। इनके जरिए समरसता, एकता और सामाजिक समानता का संदेश भी लोगों तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि समाज के हर व्यक्ति को बराबर अवसर, सम्मान और गरिमा देने का संकल्प होना चाहिए। उनके मुताबिक गुरु रविदास के विचारों को अपने व्यवहार और सामाजिक जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान है।
कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, सांसद, दिल्ली सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और संत समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के जरिए भाजपा ने गुरु रविदास के समानता, श्रम की गरिमा, सामाजिक समरसता और मानव सम्मान के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया। साथ ही अलग-अलग सामाजिक वर्गों को एकता और सद्भाव के साथ जोड़ने पर जोर दिया गया।


Click it and Unblock the Notifications
