Delhi Palam Fire: दिल्ली के पालम में भीषण अग्निकांड! 3 बच्चों समेत 9 की मौत, CM ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
Delhi Palam Fire: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके से बुधवार सुबह एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहां के साध नगर में एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें तीन मासूम बच्चे भी शामिल हैं। आग इतनी भयावह थी कि इमारत में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्विटर पर जानकारी दी कि जिला प्रशासन, दमकल विभाग और दिल्ली पुलिस राहत कार्यों में जुटे हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की गंभीरता को देखते हुए इसके कारणों का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेट जांच (Magisterial Inquiry) के आदेश दे दिए हैं।

ग्राउंड फ्लोर की दुकान से शुरू हुई लपटें
रिपोर्ट्स के अनुसार, पालम मेट्रो स्टेशन के पास स्थित इस इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल पर कॉस्मेटिक और कपड़ों की दुकानें/गोदाम थे, जबकि ऊपर की मंजिलों पर परिवार रहते थे। सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच शॉर्ट-सर्किट की वजह से ग्राउंड फ्लोर पर आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया।
दो लोगों ने इमारत से लगाई छलांग
धुएं के गुबार के कारण लोग अंदर ही फंस गए। खुद को बचाने के लिए दो लोगों ने इमारत से छलांग लगा दी, जिन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में आईं चुनौतियां
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को सुबह 7 बजे सूचना मिली, जिसके बाद 30 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। डिप्टी CFO एस.के. दुआ ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है और अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं।
देर से पहुंची दमकल गाड़ियां
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि दमकल की गाड़ियां देरी से पहुंचीं और हाइड्रोलिक मशीन जैसी मशीनों में तकनीकी खराबी के कारण बचाव कार्य में बाधा आई।












Click it and Unblock the Notifications