Delhi Deepotsav 2025: CM रेखा गुप्ता ने दिल्ली की दिवाली बनाई खास, पहली बार 1.51 लाख दीयों से जगमगाई राजधानी
Delhi Deepotsav 2025: नई दिल्ली में दीवाली को एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला जब राजधानी के कर्तव्य पथ (Kartavya Path) पर पहली बार दीपोत्सव का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राजधानी के इस भव्य दीपोत्सव में 1.51 लाख मिट्टी के दीपक जलाकर पूरा कर्तव्य पथ रौशनी से जगमगा उठा।

1.51 लाख दीयों से जगमगाई राजधानी
इस दीपोत्सव के तहत 1.51 लाख दीयों से कर्तव्य पथ को सजाया गया, जिससे यह क्षेत्र एक अद्भुत आध्यात्मिक और सांस्कृतिक सौंदर्य में नहाया नजर आया। हजारों की संख्या में लोग इस दृश्य के साक्षी बने। शाम ढलते ही जैसे ही दीपों की लौ जली, पूरा वातावरण 'जय श्रीराम' के उद्घोष से गूंज उठा।
ड्रोन शो में जीवंत हुई रामायण
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा रहा ड्रोन शो, जिसमें आधुनिक तकनीक के माध्यम से रामायण के दृश्य प्रदर्शित किए गए। आसमान में उड़ते ड्रोन ने भगवान राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के प्रतीकात्मक चित्र बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दीपोत्सव में देशभर से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक नृत्य और संगीत कार्यक्रमों के जरिए भारतीय परंपरा की झलक दिखाई। साथ ही रामकथा सत्रों का आयोजन हुआ, जिसमें वक्ताओं ने मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जीवन से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियाँ सुनाईं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा, आज दिल्ली में दीपोत्सव का यह आयोजन आस्था, आत्मगौरव और सनातन परंपरा के पुनर्जागरण का प्रतीक है। यह सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आत्मा का उत्सव है। उन्होंने कहा कि दिल्ली का यह दीपोत्सव लोगों में सकारात्मकता, एकता और भारतीय संस्कृति के प्रति गर्व की भावना को बढ़ावा देगा।
अयोध्या की परंपरा से जुड़ा आयोजन
दिल्ली का यह पहला दीपोत्सव उस समय आयोजित किया गया है जब अयोध्या में भी रिकॉर्ड 28 लाख दीपों से सरयू तट को रोशन करने की तैयारी चल रही है। अयोध्या की तर्ज पर दिल्ली का यह आयोजन राजधानी के सांस्कृतिक कैलेंडर में एक नया अध्याय जोड़ता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों, सरकारी अधिकारियों और सांस्कृतिक संस्थाओं ने हिस्सा लिया। सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो गए, जिनमें लोग दीपों की रौशनी में डूबे इस पल को दिल्ली का अयोध्या क्षण बता रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications