UN Report Red Fort Attack: यूएन ने खोली पाक की पोल! लाल किला ब्लास्ट में जैश कनेक्शन, रिपोर्ट में कई खुलासे
UN Report Red Fort Attack: दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास हुए 10 नवंबर को हुए आतंकी हमले को लेकर संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक ताजा रिपोर्ट ने पाकिस्तान और उसके संरक्षण में पल रहे आतंकी संगठनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यूएन की इस रिपोर्ट में साफ तौर पर कहा गया है कि दिल्ली ब्लास्ट का सीधा संबंध पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से है।

यह रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बार-बार यह दावा करता रहा है कि जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों की सक्रियता से इंकार करता रहा है। विस्तार से जानिए क्या है यूएन की रिपोर्ट में जिसने पाक के दावों की हकीकत दुनिया के सामने रख दी है...
UN Security Council Report में खुलासा, सुनियोजित साजिश का हिस्सा था लाल किला ब्लास्ट
यूएन की एनालिटिकल सपोर्ट एंड सेंक्शंस मॉनिटरिंग टीम की 37वीं रिपोर्ट के अनुसार, एक सदस्य देश ने संयुक्त राष्ट्र को जानकारी दी है कि 9 नवंबर को दिल्ली के लाल किले के पास हुए भीषण हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इस आत्मघाती हमले में 15 लोगों की जान गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।
रिपोर्ट में बताया गया है कि जांच के दौरान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को हमलावर 'उमर-उन-नबी' के मोबाइल फोन से एक अहम वीडियो क्लिप मिली है। इस वीडियो में वह खुद सुसाइड अटैक की बात करता नजर आ रहा है। यह वीडियो और अन्य डिजिटल सबूत इस बात की पुष्टि करते हैं कि यह हमला किसी अकेले व्यक्ति की करतूत नहीं था, बल्कि एक पूरी तरह से योजनाबद्ध आतंकी साजिश थी, जिसे संगठित तरीके से अंजाम दिया गया।
Red Fort Attack में 'लोन वुल्फ' थ्योरी को UN रिपोर्ट ने किया खारिज
यूएन की रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि लाल किला हमला किसी 'लोन वुल्फ' या व्यक्तिगत कट्टरता का नतीजा नहीं था। इसमें एक संगठित आतंकी नेटवर्क की भूमिका सामने आई है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, हमले की प्लानिंग, फंडिंग और वैचारिक प्रशिक्षण सीमा पार से संचालित किया गया था, जो सीधे तौर पर जैश-ए-मोहम्मद की कार्यप्रणाली से मेल खाता है।
जैश-ए-मोहम्मद बना रहा महिला आतंकी ब्रिगेड
यूएन रिपोर्ट में जैश-ए-मोहम्मद के सरगना और वैश्विक आतंकी मसूद अजहर की एक नई और खतरनाक रणनीति का भी खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, 8 अक्टूबर को मसूद अजहर ने 'जमात-उल-मुमिनात' नाम से जैश की एक महिला विंग बनाने की घोषणा की थी।
सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि आतंकी संगठन अब महिलाओं का इस्तेमाल इसलिए कर रहे हैं ताकि वे सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी से बच सकें और अपने नेटवर्क को नए इलाकों तक फैला सकें। हालांकि मसूद अजहर पहले से ही संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों के दायरे में है, लेकिन इसके बावजूद उसकी गतिविधियां लगातार सामने आना वैश्विक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरे की ओर इशारा करता है।
पाकिस्तान का दावे फिर हुए बेनकाब
यूएन की रिपोर्ट में सदस्य देशों के बीच जैश-ए-मोहम्मद को लेकर मतभेद भी उजागर हुए हैं। जहां एक सदस्य देश ने जैश की आतंकी गतिविधियों और लाल किला हमले से जुड़े ठोस सबूत पेश किए, वहीं पाकिस्तान ने जैश को 'खत्म' और 'निष्क्रिय' बताया।
पाकिस्तान लंबे समय से यह कहता रहा है कि उसके यहां आतंकी संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। लेकिन लाल किला हमला, मसूद अजहर की नई योजनाएं और यूएन की यह रिपोर्ट पाकिस्तान के इन दावों को कमजोर करती नजर आती है। भारत पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान पर आतंकवाद को संरक्षण देने का आरोप लगाता रहा है।
Red Fort Attack में 'व्हाइट कॉलर' आतंकी मॉड्यूल की जांच में जुटी NIA
इस पूरे मामले में NIA फिलहाल एक कथित 'व्हाइट कॉलर' आतंकी मॉड्यूल की गहन जांच कर रही है। जांच में यह सामने आया है कि इस नेटवर्क में डॉक्टरों और पढ़े-लिखे प्रोफेशनल्स समेत कई लोग शामिल थे। अब तक इस मामले में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि आतंकी संगठन अब सिर्फ सीमावर्ती इलाकों या कट्टरपंथी युवाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शिक्षित और शहरी वर्ग के जरिए भी अपने नेटवर्क को मजबूत कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ने के संकेत
विशेषज्ञों का कहना है कि यूएन की इस रिपोर्ट के बाद पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय दबाव और बढ़ सकता है। साथ ही जैश-ए-मोहम्मद और उसके सरगनाओं के खिलाफ और सख्त वैश्विक कार्रवाई की मांग भी तेज हो सकती है।
लाल किला हमले को लेकर यूएन का यह खुलासा न केवल भारत की सुरक्षा चिंताओं को मजबूती देता है, बल्कि वैश्विक समुदाय के सामने यह सवाल भी खड़ा करता है कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर अब और सख्ती क्यों जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications