दिल्ली में आज इन रास्तों पर ना जाएं, ट्रैफिक पुलिस ने कर रखा है डायवर्जन
नई दिल्ली, 21 जुलाई। आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ के लिए ईडी के कार्यालय पहुंचेंगी। सोनिया गांधी की ईडी से पूछताछ के विरोध में आज कांग्रेस दिल्ली में बड़े विरोध प्रदर्शन की तैयारी में हैं। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने पूरी तैयारी की है। दिल्ली पुलिस ने आज के हंगामे को देखते हुए कई ट्रैफिक रूट को डायवर्ट किया है। शहर के अहम मार्गों को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है जबकि कई रास्तों को डायवर्ट किया गया है।

ट्रैफिक एडवायजरी के अनुसार गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लैरिज जंक्शन, क्यू प्वाइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आजाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है। विशेष ट्रैफिक व्यवस्था के तहत नई दिल्ली के बाहर ही बसों को रोक दिया जाएगा, उन्हें गोल डाक खाना, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक, पृथ्वीराज रोड के आगे आने की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस की ओर से बयान जारी करके कहा गया है कि कृपया मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ, मान सिंह रोड पर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक ना आएं। यहां पर ट्रैफिक की विशेष व्यवस्था की गई है और इन सड़कों पर आवागमन संभव नहीं होगा।
बता दें कि सोनिया गांधी कोरोना संक्रमित होने की वजह से पहले ईडी के सामने पेश नहीं हो सकी थीं। जिसके बाद एक बार फिर से ईडी ने उन्हें समन भेजा। ईडी ने 1 जून को सोनिया गांधी को समन भेजा था और 8 जून को ईडी के दफ्तर आने के लिए कहा था। ईडी सोनिया गांधी का बयान पीएमएलए के तहत दर्ज करना चाहती है। पिछले महीने ईडी ने राहुल गांधी से कई बार पूछताछ की थी। उनसे तकरीबन 50 घंटे पूछताछ हुई है। राहुल गांधी को जब ईडी के कार्यालय पूछताछ के लिए बुलाया गया था तो उस वक्त भी कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे थे और विरोध प्रदर्शन किया था।












Click it and Unblock the Notifications