यमुना का जलस्तर बढ़ने से दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात, घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक एडवाइजरी
Delhi Traffic Advisory: हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के चलते यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। राजधानी दिल्ली के कई निचले इलाकों में पानी घुस गया है और सड़कों पर यमुना का पानी आ जाने से यातायात भी प्रभावित हो गया है। सड़कों के जलमग्न होने के चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई रास्तों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है।
बता दें कि यमुना का पानी निगम बोध घाट, सिग्नेचर ब्रिज, आईटीओ के पास रिंग रोड और वज़ीराबाद के निचले इलाकों में घुस गया है, जिसकी वजह से इन इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। तो वहीं, यातायात भी प्रभावित हुआ है, जिसके चलते दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई सड़कों को बंद कर दिया है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में गुरुवार 13 जुलाई को एक ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है। एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि यमुना के जल स्तर में तेज से वृद्धि होने के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है। जिसकी वजह से कुछ सड़कों पर यातायात की आवाजाही को मोड़ दिया गया है। कृपया घर से निकले से पहले आप भी ट्रैफिक एडवाइजरी को ध्यान से पढ़ लें...
- महात्मा गांधी मार्ग से आईपी फ्लाई ओवर से चंदगीराम अखाड़ा और कालीघाट मंदिर से दिल्ली सचिवालय तक।
- आउटर रिंग रोड पर वजीराबाद ब्रिज से चंदगीराम अखाड़ा।
- यमुना का पानी आने से निगम बोध घाट और रिंग रोड पर यातायात बाधित हो गया है।
- कश्मीरी गेट ISBT से ITO जाने वाले रिंग रोड को यातायात के लिये बंद किया गया है।
- भैरो मार्ग को बंद कर दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए इन मार्गों से बचने की सलाह दी है। साथ ही कहा है कि उत्तरी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली जाने के लिए बाहरी रिंग रोड, वजीराबाद पुल, यमुना बंधा मार्ग, पुस्ता रोड और विकास मार्ग का इस्तेमाल कर सकते है। इसके अलावा बाहरी रिंग रोड, अरिंहत मार्ग, एमजी मार्ग होते हुए भी विकास मार्ग पहुंचा जा सकता है।
वहीं, पूर्वी दिल्ली से पश्चिमी दिल्ली जाने के लिए पंजाबी बाग चौक से महात्मा गांधी मार्ग, अरिहंत मार्ग, बाहरी रिंग रोड होते हुए वजीराबाद पुल के रास्ते का इस्तेमाल किया जा सकता है। रानी झांसी रोड से आईएसबीटी जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को वीर बंदा बैरागी मार्ग से न्यू रोहतक रोड पर भेजा जाएगा।
दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि कमर्शियल वाहनों को दिल्ली में एंट्री करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्हें पूर्वी और पश्चिमी पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ दिया जाएगा। इतना ही नहीं, उन्हें मुकरबा चौक से डायवर्ट किया जाएगा। मुकरबा चौक और वजीराबाद ब्रिज के बीच किसी भी व्यावसायिक वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी।
कमर्शियल वाहनों को सराय काले खां से डायवर्ट किया जाएगा। सराय काले खां और आईपी फ्लाईओवर के बीच किसी भी व्यावसायिक वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी। गाजीपुर बॉर्डर से कॉमर्शियल वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। इतना ही नहीं, उन्हें अक्षरधाम से डीएनडी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
अक्षरधाम और सराय काले खां के बीच किसी भी कमर्शियल वाहन को अनुमति नहीं दी जाएगी। तो वहीं, दूसरी तरफ यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुराना किला के पास के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसा। जिसके कारण यहां यातायात प्रभावित हो गय है। इतना ही नहीं, ट्रैफिक डायवर्जन के कारण सराय काले खां क्षेत्र में भारी ट्रैफिक जाम देखा गया।
ट्रैफिक डायवर्जन के कारण उत्तर पूर्वी दिल्ली में शास्त्री पार्क खजूरी पुस्ता रोड और खजूरी खास चौक पर भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए बताया कि जिन इलाकों में जलभराव है, वहां सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications