Delhi Crime News: दक्षिणपुरी में एक ही कमरे में मिले तीन शव, एक की हालत गंभीर, इलाके में दहशत का माहौल
Delhi Crime News: दिल्ली के दक्षिणपुरी इलाके में शनिवार, 7 जुलाई की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान से एक ही परिवार के चार लोगों में से तीन की लाशें बरामद हुईं। जबकि एक व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना दक्षिण दिल्ली के आंबेडकर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। शुरुआती जांच में दम घुटने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन घटना की प्रकृति को देखते हुए हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
पुलिस को पीसीआर कॉल के माध्यम से शनिवार सुबह सूचना मिली कि दक्षिणपुरी स्थित एक घर में रहने वाले चार व्यक्ति कई बार कॉल करने के बाद भी फोन नहीं उठा रहे हैं।

जब पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे तो पहली मंजिल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का मंजर रौंगटे खड़े कर देने वाला था - चार लोग अचेत अवस्था में पड़े थे, जिनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि चौथे व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मृतक कौन थे?
मौके से जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार मृतकों की पहचान इमरान उर्फ सलमान, मोहसिन और एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है। जबकि हसीब नामक व्यक्ति को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार सभी व्यक्ति एसी मैकेनिक का काम करते थे और एक ही कमरे में रह रहे थे। मृतकों में से दो सगे भाई बताए जा रहे हैं। चारों व्यक्ति काम के सिलसिले में दिल्ली में रह रहे थे, और कुछ समय से दक्षिणपुरी के एक मकान में किराए पर रह रहे थे।
दम घुटने की आशंका, पर क्या है पूरी सच्चाई?
पुलिस के अनुसार जिस कमरे में चारों व्यक्ति पाए गए, वहां कोई वेंटिलेशन नहीं था - न खिड़की, न एग्जॉस्ट फैन, और दरवाजा भी अंदर से बंद था। कमरे में एसी चल रहा था और संभावना जताई जा रही है कि गैस लीकेज या ऑक्सीजन की कमी के चलते दम घुटने से मौतें हुईं।
हालांकि, पुलिस और फॉरेंसिक टीम अभी इस निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है कि यह घटना दुर्घटनावश हुई मौतें हैं या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी जांच शुरू
डीसीपी अंकित चौहान ने ANI से बताया, "हमें सुबह करीब 11:15 बजे एक कॉल मिली, कॉल करने वाले ने बताया कि उसका भाई गेट नहीं खोल रहा है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां चार लोग बेहोश पाए गए और वहां कुछ एसी यूनिट और गैस सिलेंडर पड़े हुए थे। उनकी उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच थी। सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया और एक का इलाज चल रहा है। प्राथमिक जांच में किसी तरह की गड़बड़ी या साजिश के संकेत नहीं मिले हैं। हम जांच कर रहे हैं कि यह गैस लीक का मामला था या कुछ और। सभी व्यक्ति एसी मैकेनिक थे।"
इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले कोई बाहरी व्यक्ति घर में आया था या नहीं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कोई हिंसा या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, लेकिन हर एंगल से जांच जारी है।
घटना की सूचना पुलिस को भलस्वा डेयरी निवासी जिशान नामक युवक ने दी, जिसने बताया कि उसका रिश्तेदार इमरान और अन्य साथी मोहसिन, हसीब और एक अन्य व्यक्ति के साथ घर में थे। कई बार फोन करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो वह खुद मौके पर पहुंचा और फिर पुलिस को सूचित किया।
इलाके में दहशत, सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था
इस घटना ने न केवल दक्षिणपुरी बल्कि पूरे दक्षिण दिल्ली में सनसनी फैला दी है। स्थानीय निवासियों के बीच चर्चा का विषय है कि अगर यह दम घुटने का मामला है तो ऐसी परिस्थिति कैसे बनी, और अगर यह हत्या है, तो उसका मकसद क्या था?
कुछ लोग इसे सिर्फ एक हादसा मान रहे हैं, तो कुछ साजिश की आशंका जता रहे हैं। हाल ही में दिल्ली में हुई लाजपत नगर डबल मर्डर और नजफगढ़ गैंगवार की घटनाओं के बाद, यह घटना एक बार फिर दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
पुलिस कर रही तलाशी
फिलहाल पुलिस का ध्यान सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच पर है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की मदद से ही इस घटना की असली वजह सामने आ पाएगी। लेकिन तब तक के लिए यह रहस्य बना हुआ है कि क्या यह सिर्फ एक त्रासदी थी या इसके पीछे कोई गहरी योजना छुपी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications