Delhi Train Murder: जनरल बोगी में सीट को लेकर हुआ विवाद, यात्री की पीट-पीटकर हत्या, वीडियो वायरल
Yoga Express train murder Delhi: दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने के दौरान हुआ एक मामूली विवाद एक व्यक्ति की मौत की वजह बन गया। हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस की जनरल बोगी में चढ़ने को लेकर यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
इस दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा को कुछ सह-यात्रियों ने बेरहमी से पीट दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें RPF जवान बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं। गंभीर रूप से घायल पंकज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Shahdara railway station fight: जनरल कोच में चढ़ने के दौरान शुरू हुआ विवाद
यह घटना सुबह करीब 6 बजे शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर हुई। योगा एक्सप्रेस के पहुंचते ही जनरल कोच में सीट और जगह पाने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसी दौरान पंकज धामा का कुछ यात्रियों से विवाद हो गया। शुरुआत में केवल बहस और धक्का-मुक्की हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में मामला मारपीट तक पहुंच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुस्साए यात्रियों ने पंकज को नीचे गिराकर लात-घूंसों से हमला कर दिया।
ये भी पढे़ं: CJP Protest LIVE: 'थाली-चम्मच लेकर दिल्ली पहुंचो!'अभिजीत दीपके का जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन 1 बजे होगा शुरू
वायरल वीडियो ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई देता है कि एक RPF कांस्टेबल ने पंकज को भीड़ से छुड़ाने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें प्लेटफॉर्म पर लिटाया गया, लेकिन उनकी हालत पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाए हैं कि घायल व्यक्ति को तुरंत मेडिकल मदद क्यों नहीं दी गई। कई लोगों का मानना है कि समय पर इलाज मिलता तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ चुकी थी हालत
मारपीट के बाद पंकज की हालत लगातार खराब होती गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पंकज को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में सामने आया कि उनके शरीर के अंदर गंभीर चोटें आई थीं। डॉक्टरों के मुताबिक इन्हीं अंदरूनी चोटों की वजह से उनकी मौत हुई। मामले ने रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर नई बहस शुरू कर दी है।
ये भी पढे़ं: Delhi LPG Price: दिल्ली में आज कितना है घरेलू गैस सिलेंडर का दाम? बुकिंग से पहले चेक करें ताजा रेट
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश जारी
नई दिल्ली रेलवे के डीसीपी सचिन शर्मा के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 3(5) के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि मारपीट में शामिल लोगों की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और घटना में किसी की भूमिका पाई गई तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications