दिल्ली को कचरा-मुक्त बनाने का CM रेखा का मास्टरप्लान! 250 वार्डों में उतरीं हाई-टेक मशीनें, क्या-क्या बदला?
Delhi Sanitation Revolution: राजधानी दिल्ली में कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था की सूरत बदलने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरिता विहार में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में दिल्ली नगर निगम (MCD) की नई और आधुनिक सुविधाओं की शुरुआत की।
इस पहल का सीधा मकसद शहर के कोने-कोने से कचरा उठाना, उसका सही तरीके से निस्तारण करना और सड़कों की स्वच्छता को नए स्तर पर ले जाना है।

25 वार्डों में घर-घर पहुंचेगी नई गाड़ियां
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के 25 वार्डों में कचरा संग्रहण को मजबूत करने के लिए वाहनों की पूरी फ्लीट उतारी गई है। अब डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन के लिए 428 ऑटो टिपर, 128 ई-रिक्शा और 25 टाटा 407 वाहन काम करेंगे। इन छोटे और मध्यम वाहनों से गलियों और संकरे इलाकों से कचरा आसानी से निकाला जा सकेगा, जिससे कचरे का बिखराव रुकेगा।
कचरा उठाने और ढोने के लिए हैवी मशीनरी
एकत्र किए गए कचरे को लैंडफिल या प्रोसेसिंग प्लांट तक सुरक्षित रूप से पहुंचाने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। इस व्यवस्था के तहत 27 रिफ्यूज कॉम्पैक्टर, 5 रिफ्यूज कलेक्टर और 30 हुक लोडर तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही कचरे के सही स्टोरेज के लिए 100 कॉम्पैक्टर बिन भी उपलब्ध कराए गए हैं। इससे ढके हुए तरीके से कचरे का परिवहन होगा और सड़कों पर बदबू नहीं फैलेगी।
250 वार्डों में चलेंगी बैटरी वाली लिटर पिकर मशीनें
दिल्ली के सभी 250 वार्डों में सार्वजनिक स्थानों और सड़कों की त्वरित सफाई के लिए आधुनिक लिटर पिकर मशीनों की शुरुआत हुई है। बैटरी से चलने वाली ये इको-फ्रेंडली मशीनें कागज़, प्लास्टिक और छोटे कचरे को तुरंत खींच लेती हैं। इससे मुख्य सड़कों के साथ-साथ बाजारों और भीड़भाड़ वाले चौराहों पर सफाई रखना काफी आसान हो जाएगा।
कार्यक्रम में पहुंचे प्रमुख नेता और अधिकारी
इस ऐतिहासिक मौके पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा विशेष रूप से मौजूद रहे। उनके साथ दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही, डिप्टी मेयर मोनिका पंत और MCD की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स (X) पर जानकारी देते हुए कहा कि MCD का यह कदम पूरी दिल्ली को साफ-सुथरा बनाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा।


Click it and Unblock the Notifications
