Delhi Power Cut: सियासी घमासान के बीच आज भी दिल्ली में पॉवर कट, जानिए कहां-कहां रहेगी बत्ती गुल?
Delhi Power Cut: दिल्ली में अप्रैल 2025 की भीषण गर्मी के चलते बिजली कटौती की समस्या गंभीर हो गई है। राजधानी के कई इलाकों में रोजाना घंटों तक बिजली गुल रहने से आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के कारण एयर कंडीशनर और कूलर की खपत बढ़ने से बिजली की मांग में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। कई इलाकों में घंटों बिजली नहीं रहने से लोग काफी परेशान नजर आ रहे हैं।
बिजली वितरण कंपनियों के अनुसार, ट्रांसफॉर्मर और केबल नेटवर्क पर अत्यधिक लोड के कारण ट्रिपिंग और फॉल्ट हो रहे हैं, जिससे आपूर्ति बाधित हो रही है। कुछ क्षेत्रों में नियोजित रखरखाव के कारण अस्थायी बिजली कटौती की जा रही है। बिजली विभाग ने ट्रांसफॉर्मर और केबल नेटवर्क की मरम्मत के लिए टीमें तैनात की हैं। AAP नेता अरविंद केजरीवाल ने निशाना साधते हुए बीजेपी पर दिल्ली की बिजली व्यवस्था को खराब करने का आरोप लगाया है जबकि आतिशी ने भी भाजपा सरकार पर बिजली आपूर्ति में विफलता का आरोप लगाया है।

कहां-कहां रहेंगे पावर कट
हर रोज सोशल मीडिया पर लोगों की शिकायतें आ रही है। इन पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए आप पार्टी बीजेपी पर जमकर तंज कसती नजर आ रही है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने नमो भारत कॉरिडोर के लिए चल रहे निर्माण कार्य के कारण कई क्षेत्रों अस्थायी बिजली कटौती के बारे में सूचित किया है कि कहां- कहां पावर कट रहेंगा। आइए जानते है...
एनसीआरटीसी ने अस्थायी बिजली कटौती के बारे में किया सूचित
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने एक सार्वजनिक अधिसूचना जारी कर दिल्ली के निवासियों को नमो भारत कॉरिडोर के लिए चल रहे निर्माण कार्य के कारण कई क्षेत्रों में अस्थायी बिजली कटौती के बारे में सूचित किया है। नोटिस के अनुसार, 16 अप्रैल से 25 अप्रैल, 2025 के बीच बिजली आपूर्ति में संक्षिप्त रुकावट की उम्मीद है। प्रभावित इलाके एनडीएमसी और बीआरपीएल जोन के अंतर्गत आते हैं, जिनमें भारती नगर, कनॉट प्लेस, इंडिया गेट, संसद मार्ग, बीपी मार्ग, गोल्फ लिंक, पंडारा रोड, काका नगर और आसपास के क्षेत्र जैसे दिल्ली उच्च न्यायालय, डिफेंस कॉलोनी, सेवा नगर, निजामुद्दीन, सुंदर नगर, जंगपुरा, श्रीनिवासपुरी, आईएनए, ग्रीन पार्क एक्सटेंशन, तिकोना पार्क, कस्तूरबा निकेतन और लाजपत नगर शामिल हैं।
पावर कट को लेकर राजनीतिक सियासत
दिल्ली में पावर कट को लेकर राजनीतिक पारा भी काफी हाई है। आप पार्टी ने X पर लिखा कि बीजेपी सरकार में दिल्ली में इन्वर्टर का युग लौट चुका है। रोज बिजली जाने से पानी भी नहीं मिल पा रही है, जब पानी का समय होता है तभी बिजली चली जाती है, अब इन्वर्टर बिक्री में भी काफी इजाफा हो गया है।
बिजली संकट के कारण अब लोगों को जल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। आप नेता आतिशी ने कहा आज छतरपुर विधानसभा के अंबेडकर कॉलोनी का दौरा किया। यहाँ भी घंटों की बिजली कटौती ने लोगों की ज़िंदगी मुश्किल कर दी है।पिछले 2 महीने से पानी की भी बहुत समस्या हो गई है।और जब पानी आता है, तो बिजली चली जाती है। अगर कोई ख़ुश है, तो वो हैं बिजली की दुकान वाले, जिनकी इन्वर्टर की बिक्री बढ़ गई है! उन्होंने हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार में न बिजली मिल रही है और न ही पानी।"












Click it and Unblock the Notifications