Delhi Nursery Admission Documents: नर्सरी एडमिशन के लिए ये डॉक्यूमेंट्स रखें तैयार, एक कमी और निकल जाएगी सीट
Delhi Nursery Admissions 2026 Documents: दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी एडमिशन 2026-27 को लेकर पैरेंट्स की धड़कनें तेज हैं। आज शहर के 1741 निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूल नर्सरी, केजी और कक्षा 1 के लिए शॉर्टलिस्ट बच्चों की पहली सूची जारी करने जा रहे हैं।
इस लिस्ट में वेटिंग लिस्ट सहित करीब 1.25 लाख बच्चों के नाम शामिल होने की संभावना है। ऐसे में अगर आप भी अपने बच्चे के दाखिले का इंतजार कर रहे हैं, तो यह जानना बेहद जरूरी है कि चयन कैसे होगा और कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स पहले से तैयार रखने जरूरी हैं।

🟡 कितने स्कूल, कितने बच्चों की लिस्ट? (Delhi Nursery Admission List 2026)
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली भर के 1741 प्राइवेट स्कूल एक साथ पहली सूची जारी करेंगे। इसमें नर्सरी, केजी और पहली कक्षा के लिए आवेदन करने वाले बच्चों के नाम होंगे। जिन बच्चों का नाम पहली सूची में नहीं आएगा, उनके लिए वेटिंग लिस्ट भी जारी की जाएगी। यही वजह है कि पैरेंट्स को घबराने की नहीं, बल्कि सही जानकारी के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है।
🟡 ऐसे होता है बच्चों का चयन (Nursery Admission Selection Process Delhi)
दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में दाखिला पूरी तरह पॉइंट-आधारित सिस्टम पर होता है। हर स्कूल शिक्षा निदेशालय के दिशा-निर्देशों के तहत अपने पैरामीटर तय करता है। इनमें सबसे ज्यादा अहमियत स्कूल और घर के बीच की दूरी को दी जाती है। इसके अलावा उसी स्कूल में भाई-बहन का पढ़ना, माता-पिता का उस स्कूल का पूर्व छात्र होना, स्कूल स्टाफ का बच्चा होना जैसे फैक्टर भी पॉइंट्स दिलाते हैं।
अगर किसी सीट के लिए कई बच्चों के पॉइंट एक बराबर होते हैं, तो स्कूल को अभिभावकों की मौजूदगी में लॉटरी के जरिए चयन करना अनिवार्य होता है।
🟡 नर्सरी एडमिशन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स (Delhi Nursery Admission Documents)
पैरेंट्स को सलाह दी जाती है कि नीचे दिए गए दस्तावेज पहले से तैयार रखें, क्योंकि दस्तावेजों में कमी होने पर दावा कमजोर पड़ सकता है। आमतौर पर स्कूल ये डॉक्यूमेंट मांगते हैं।
- माता-पिता या अभिभावक के नाम जारी राशन कार्ड या स्मार्ट कार्ड, जिसमें बच्चे का नाम दर्ज हो
- बच्चे या माता-पिता का मूल निवास प्रमाण पत्र
- माता-पिता में से किसी एक का वोटर आई कार्ड
- बच्चे या माता-पिता के नाम पर बिजली, पानी, टेलीफोन का बिल या पासपोर्ट
- माता-पिता में से किसी एक का आधार कार्ड या यूआईडी कार्ड
🟡 उम्र सीमा का नियम क्या कहता है? (Delhi Nursery Age Criteria 2026)
नई शिक्षा नीति के तहत शिक्षा निदेशालय ने एडमिशन के लिए उम्र की स्पष्ट सीमा तय की है। 31 मार्च 2026 तक बच्चे की उम्र इस प्रकार होनी चाहिए।
- नर्सरी के लिए बच्चा कम से कम 3 साल का हो, लेकिन 4 साल पूरा न हुआ हो
- केजी के लिए उम्र 4 साल या उससे ज्यादा, लेकिन 5 साल से कम
- कक्षा 1 के लिए उम्र 5 साल या उससे ज्यादा, लेकिन 6 साल से कम
स्कूल प्रमुख अपने विवेक से उम्र में एक महीने तक की छूट दे सकते हैं।
🟡 अगर पॉइंट्स पर आपत्ति हो तो क्या करें? (Nursery Admission Objection Process)
शिक्षा विभाग के मुताबिक, पैरेंट्स 24 जनवरी से 3 फरवरी 2026 के बीच पॉइंट अलॉटमेंट को लेकर सवाल उठा सकते हैं। इसके लिए स्कूलों को तय प्रक्रिया के तहत जवाब देना होगा। पूरी एडमिशन प्रक्रिया 19 मार्च 2026 को समाप्त होगी। शिकायतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर निगरानी प्रकोष्ठ भी बनाया गया है।
🟡 पैरेंट्स के लिए सबसे जरूरी सलाह
नर्सरी एडमिशन सिर्फ किस्मत का खेल नहीं है, बल्कि सही तैयारी का भी मामला है। डॉक्यूमेंट्स पूरे रखें, उम्र की गणना सही तरीके से करें और स्कूल की जारी की गई लिस्ट और नोटिस पर लगातार नजर बनाए रखें। थोड़ी सी चूक आपके बच्चे की सीट पर भारी पड़ सकती है।












Click it and Unblock the Notifications