Delhi-NCR Pollution-AQI: Delhi-NCR से GRAP-3 हटा, लेकिन बाहर निकलने से पहले जान लें ये 4 नियम, वरना कट सकता है
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे एनसीआर में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में आए सुधार के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर से ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के तीसरे चरण (GRAP-3) की पाबंदियों को तत्काल प्रभाव से हटा लिया है।
सोमवार, 16 नवंबर 2026 को जहां दिल्ली का औसत एक्यूआई 275 दर्ज किया गया था, वहीं मंगलवार (17 नवंबर 2026) को यह सुधरकर 204 पर आ गया। प्रदूषण के स्तर में इस गिरावट को देखते हुए CAQM की उप-समिति ने यह बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले के बाद उन लाखों वाहन चालकों को राहत मिली है, जिनकी गाड़ियां पिछले कई दिनों से घरों में खड़ी थीं। इसके साथ ही, प्राइमरी स्कूलों के बच्चों के अभिभावकों और कंस्ट्रक्शन सेक्टर से जुड़े लोगों ने भी राहत की सांस ली है।

GRAP-3 की पाबंदियां हटाने के बाद लोग यह सवाल पूछ रहे हैं कि क्या इसका मतलब यह है कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से जुड़ी सारी पाबंदियां खत्म हो गई हैं? इसका सीधा जवाब है - नहीं। दिल्ली-एनसीआर में न प्रदूषन खत्म हुआ है ना ही प्रदूषण से जुड़ी समस्याएं और ना ही और ना ही पाबंदियां। CAQM ने स्पष्ट किया है कि GRAP-1 और GRAP-2 के तहत लागू नियम पहले की तरह ही जारी रहेंगे। आइए विस्तार से समझते हैं कि GRAP-3 हटने के बाद अब क्या-क्या बदल गया है और किन नियमों का पालन अभी भी अनिवार्य है।
GRAP-3 की पाबंदियां हटने से सबसे बड़ा फायदा परिवहन और शिक्षा क्षेत्र को हुआ है। आज से दिल्ली और एनसीआर के प्रमुख जिलों - गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर/नोएडा और सोनीपत में इन गतिविधियों की अनुमति मिल गई है:
- 1. BS-III और BS-IV वाहनों से प्रतिबंध हटा: दिल्ली और एनसीआर में भारत स्टेज-III (BS-III) पेट्रोल और भारत स्टेज-IV (BS-IV) डीजल वाले हल्के मोटर वाहनों (चार पहिया) के चलने पर लगी रोक तत्काल प्रभाव से हटा ली गई है। अब आप बेझिझक इन वाहनों का इस्तेमाल कर सकते हैं और आपको 20,000 रुपये का चालान नहीं भरना पड़ेगा।
- 2. स्कूलों में फिर से लगेंगी कक्षाएं: GRAP-3 के तहत कक्षा 5 तक के छात्रों के लिए स्कूलों को हाइब्रिड या ऑनलाइन मोड में शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया था। अब यह पाबंदी खत्म हो गई है और बच्चे पहले की तरह फिजिकल क्लास के लिए स्कूल जा सकेंगे।
- 3. निर्माण और विध्वंस (Construction & Demolition) कार्यों को मंजूरी: गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ की गतिविधियों, जैसे खुदाई, ड्रिलिंग, और पाइलिंग पर लगा प्रतिबंध हटा लिया गया है। इससे रुके हुए रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और व्यक्तिगत घरों के निर्माण का काम फिर से शुरू हो सकेगा।
- 4. स्टोन क्रशर और माइनिंग: पूरे एनसीआर में स्टोन क्रशर और माइनिंग गतिविधियों को फिर से शुरू करने की अनुमति मिल गई है।

सावधान! ये पाबंदियां अभी भी लागू हैं (GRAP-1 और 2)
- भले ही GRAP-3 हट गया हो, लेकिन CAQM ने स्पष्ट किया है कि 30 अक्टूबर 2026 को जारी किए गए GRAP-1 और GRAP-2 के आदेश पूरी सख्ती के साथ लागू रहेंगे। सर्दी के इस मौसम में वायु गुणवत्ता को फिर से 'गंभीर' श्रेणी में जाने से रोकने के लिए इन नियमों का पालन जरूरी है:
- सड़कों की सफाई और पानी का छिड़काव: एनडीएमसी, एमसीडी और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड को निर्देश दिए गए हैं कि वे हर सुबह बाजारों और सड़कों की सफाई सुनिश्चित करें। धूल उड़ने से रोकने के लिए पानी का छिड़काव जारी रहेगा।
- बायोमास और कूड़ा जलाने पर सख्त पाबंदी: किसी भी रूप में खुले में कूड़ा, पराली या बायोमास जलाने पर पूरी तरह से रोक है। ऐसा करते पाए जाने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा।
- बिना PUC के नहीं मिलेगा पेट्रोल: पेट्रोल पंपों पर 'नो पीयूसीसी, नो फ्यूल' (No PUCC, No Fuel) का नियम सख्ती से लागू रहेगा। बिना वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC) वाले वाहनों के खिलाफ जांच अभियान जारी रहेगा।
- ट्रैफिक और पार्किंग प्रबंधन: CAQM ने भारी भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक को सुचारू बनाने के निर्देश दिए हैं।
| प्रतिबंध / श्रेणी | GRAP Stage III के दौरान | GRAP Stage III हटने के बाद |
|---|---|---|
| BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल कारें | पूर्ण प्रतिबंध (दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम आदि) | अनुमति मिल गई है |
| कक्षा 5 तक के स्कूल | ऑनलाइन / हाइब्रिड मोड अनिवार्य | फिजिकल कक्षाएं शुरू |
| निर्माण और विध्वंस कार्य | पूरी तरह से रोक | अनुमति मिल गई है |
| बिना PUC वाले वाहन | चालान और पेट्रोल पर रोक | प्रतिबंध जारी है (चेकिंग होगी) |
| खुले में कूड़ा जलाना | सख्त पाबंदी | प्रतिबंध जारी है (GRAP 1/2 के तहत) |
| अधिकृत पार्किंग शुल्क (दिल्ली) | दोगुना (विंटर एक्शन प्लान के तहत) | अभी भी दोगुना ही रहेगा |
दिल्ली सरकार के विंटर एक्शन प्लान का भी रखें ध्यान
दिल्ली सरकार ने 1 नवंबर से 31 जनवरी तक के लिए अपने स्तर पर कुछ विशेष पाबंदियां भी लगा रखी हैं, जो GRAP-3 हटने के बावजूद लागू हैं। द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली सरकार और निजी दफ्तरों में 50 फीसदी 'वर्क फ्रॉम होम' (WFH) का नियम अभी जारी रहेगा। इसके अलावा, निजी वाहनों के इस्तेमाल को हतोत्साहित करने के लिए अधिकृत पार्किंग स्थलों पर पार्किंग शुल्क दोगुना (28 फरवरी तक) लागू रहेगा। गैर-दिल्ली पंजीकृत BS-VI एमिशन स्टैंडर्ड से नीचे के वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी कुछ विशेष छूटों को छोड़कर रोक जारी रहेगी।
आखिरकार कह सकते हैं कि दिल्ली-एनसीआर में हवा कुछ साफ हुई है और बुनियादी पाबंदियां हटा ली गई हैं, लेकिन प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। घर से बाहर निकलते समय अपने वाहन का PUC चेक करना न भूलें और दिल्ली में पार्किंग शुल्क को लेकर सावधानी बरतें।


Click it and Unblock the Notifications
