Delhi Monsoon Session:विधानसभा में पेश होंगे कई बड़े बिल, झुग्गी पुनर्वास से Right to Service Act पर रहेगी नजर
Delhi Assembly Monsoon Session: दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार को 'वंदे मातरम्' के साथ हुई। सरकार ने इसे राष्ट्रभक्ति, जनसेवा और विकसित दिल्ली के संकल्प का प्रतीक बताया। सत्र के पहले ही दिन सरकार ने साफ कर दिया कि इस बार फोकस सिर्फ बहस पर नहीं, बल्कि बड़े फैसलों पर रहेगा। मौजूदा सत्र में सरकार कई अहम जनहित से जुड़े विधेयक और प्रस्ताव सदन के पटल पर रखने जा रही है। इनका मकसद आवास, सरकारी सेवाओं और नागरिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में बड़े बदलाव करना है।
सदन में झुग्गी पुनर्वास की कट-ऑफ तिथि 2015 से बढ़ाकर 1 जनवरी 2025 करने, राइट टू सर्विस एक्ट लागू करने और Bed & Breakfast Scheme खत्म कर नई व्यवस्था लाने जैसे अहम विधेयक और प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। सरकार का दावा है कि इन फैसलों से आवास, सरकारी सेवाओं और नागरिक सुरक्षा से जुड़े कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।

झुग्गी पुनर्वास की कट-ऑफ तिथि बढ़ाने का प्रस्ताव
सरकार झुग्गी पुनर्वास योजना के लिए पात्रता की कट-ऑफ तिथि 2015 से बढ़ाकर 1 जनवरी 2025 करने का विधेयक लाएगी। इस बदलाव के बाद दिल्ली की करीब 99 प्रतिशत झुग्गियों में रहने वाले पात्र परिवारों को पक्के मकान का लाभ मिलने का रास्ता खुल सकता है।
तय समय में मिलेगी हर सरकारी सेवा
सदन में राइट टू सर्विस एक्ट भी पेश किया जाएगा। इस कानून का उद्देश्य दिल्ली के लोगों को सभी सरकारी सेवाएं तय समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराना है। अगर कोई अधिकारी निर्धारित समय में सेवा देने में विफल रहता है, तो उसके खिलाफ दंड और जुर्माने का प्रावधान भी होगा।
Bed & Breakfast Scheme: पुरानी व्यवस्था खत्म, नई नीति की तैयारी
सरकार Bed & Breakfast Scheme को समाप्त करने का प्रस्ताव भी लेकर आएगी। इसकी जगह दिल्ली की मौजूदा जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई और अधिक सुरक्षित व्यवस्था लागू करने की तैयारी है। सरकार का कहना है कि इससे नागरिकों की सुरक्षा मजबूत होगी और व्यवस्था भी अधिक प्रभावी बनेगी।


Click it and Unblock the Notifications
