Delhi Metro का वर्चुअल शॉपिंग ऐप 'Momentum 2.0': जानिए इसके बारे में
दिल्ली मेट्रो अपने यात्रियों के लिए एक और स्मार्ट सेवा लेकर आने को तैयार है। यह जल्द ही एक वर्चुअल शॉपिंग ऐप लॉन्च करने वाला है, जिससे शॉपिंग भी होगी और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।

Delhi Metro Shopping App 'Momentum 2.0': दिल्ली मेट्रो आने वाले समय में और भी ज्यादा स्मार्ट होने के लिए तैयार हो चुका है। जल्दी ही दिल्ली मेट्रो एक ऐसा वर्चुअल शॉपिंग ऐप लॉन्च करने जा रहा है, जिससे दिल्ली में मेट्रो का सफर और भी शानदार हो जाएगा। आप मेट्रो से सफर करते हुए शॉपिंग भी कर सकेंगे और यूटिलिटी बिल का भी भुगतान कर सकेंगे। यही नहीं आपको अपने गंतव्य स्टेशन से कहीं के लिए बाइक या टैक्सी बुक करनी है, तो वह सुविधा भी आपको मिलेगी। अगर आपने इस ऐप से ई-शॉपिंग की है, तो आपको आपके गंतव्य स्टेशन पर अपना पार्सल तैयार मिलेगा।

दिल्ली मेट्रो का वर्चुअल शॉपिंग ऐप 'मोमेंटम 2.0'
केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया मिशन की सोच के तहत दिल्ली मेट्रो ने देश में मेट्रो यात्रियों के लिए पहला वर्चुअल शॉपिंग ऐप्लिकेशन लॉन्च करने का ऐलान किया है। 'Momentum 2.0' नाम का यह मोबाइल ऐप्लिकेशन मेट्रो यात्रियों को यात्रा के दौरान ही ई-शॉपिंग के माध्यम से विभिन्न तरह के प्रोडक्ट खरीदने का मौका देगा और यहां तक कि ऑनलाइन सेवाओं को बुक करने का भी अवसर मिलेगा। बस यात्रियों को अपने गंतव्य स्टेशन को फीड करना है, जहां उनके प्रोडक्ट उन्हें तैयार मिलेंगे, सिर्फ उन्हें कलेक्ट करना रहेगा।

लास्ट-माइल कनेक्टिविटी के लिए भी मिलेगा विकल्प
'मोमेंटम 2.0' ऐप को यूजर्स के लिए इस तरह से डिजाइन किया गया है कि उन्हें लास्ट-माइल कनेक्टिविटी के विकल्प भी मिलेंगे और मनपंसद शॉपिंग ऑप्शन भी उपलब्ध करवाया जाएगा। साथ ही जल्द और सुरक्षित डिलिवरी के लिए डिजिटल लॉकर्स की सुविधा भी दी जाएगी। डीएमआरसी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस ऐप में दिल्ली मेट्रो स्मार्ट कार्ड के इंस्टेंट रिचार्ज के अलावा यूटिलिटी सर्विसों की स्मार्ट पेमेंट का विकल्प भी दिया जाएगा।

स्मार्ट बॉक्स इंस्टॉल करने की प्रक्रिया शुरू होगी
दिल्ली मेट्रो के मुताबिक लास्ट-माइल कनेक्टिविटी की बेहतर सुविधा के लिए इस ऐप के जरिए मेट्रो यात्री बाइक टैक्सी, ई-रिक्शा, फीडर बस, डीटीसी बस और क्लस्टर बसों से जुड़ी हर जानकारियां हासिल कर सकेंगे। दिल्ली मेट्रो ने अपने बयान में कहा है, 'डीएमआरसी चुनिंदा स्टेशों पर स्मार्ट बॉक्स के नाम से डिजिलॉकर इंस्टॉल करने की प्रक्रिया में जहां इस ऐप के माध्यम से ई-शॉपिंग के जरिए ऑर्डर किए गए सामानों को सुरक्षित रखा जा सकता है और जब संबंधित खरीदार उस गंतव्य स्टेशन पर पहुंच जाता है तो वह उसे कलेक्ट कर सकता है।'

यूजर्स फ्रेंडली होगा 'मोमेंटम 2.0'
दिल्ली मेट्रो का कहना है कि ये स्मार्ट बॉक्स सुरक्षित, टेक्नोलॉजी-आधारित पार्सल मैनेजमेंट पर आधारित होंगे, जिससे प्रोडक्ट सुरक्षित स्थिति में रहेंगे। ये स्मार्ट लॉकर्स यूजर फ्रेंडली होंगे, जो ई-कॉमर्स कंपनियों से भी जुड़े रहेंगे। यात्री पेमेंट के आधार पर भी स्मार्ट बॉक्स का इस्तेमाल कर सकेंगे। इतना ही नहीं यह मोबाइल ऐप मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति के बारे में भी जानकारियां उपलब्ध कराएगा। जैसे कि स्टेशनों के गेट, लिफ्ट, एस्केलेटर, प्लेटफॉर्म, ट्रेनों की टाइमिंग, कोच में भीड़ की स्थिति आदि। यात्रियों को ट्रेनों की रीयल-टाइम आगमन की जानकारी और एग्जिट गेट के बारे में भी सूचनाएं दी जाएंगी।
Recommended Video

मेट्रो स्टेशनों से जुड़ी बाकी जानकारियां भी मिलेंगी
डीएमआरसी ने अपने बयान में कहा है कि 'यह यात्रियों को मेट्रो से बाहर निकलने से पहले बाइक/कैब बुक करने में मदद करेगा और जबतक वे अपने गंतव्य से बाहर निकलेंगे, उन्हें उनके वाहन बाहर मिलेंगे। ऐप मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध दुकानों, आउटलेट, कियोस्क और एटीएम की जानकारी भी मुहैया कराएंगे। ' यही नहीं इस ऐप के जरिए यात्रियों को अपने स्मार्ट कार्ड की किसी भी जगह से तत्काल रीचार्ज करने की भी सुविधा मिलेगी। (इनपुट- पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications