Delhi MCD Bypoll Results 2021: 5 में से 4 सीटें AAP के नाम, 1 सीट कांग्रेस के खाते में
नई दिल्ली: आज दिल्ली एमसीडी के पांच वार्डों के लिए हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं।। कड़ी सुरक्षा इंतजामों के बीच सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई थी। दिल्ली नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने पांच में से चार वार्ड में जीत दर्ज की है। शानदार प्रदर्शन के बाद आप कार्यकर्ता नारे लगा रहे हैं- 'हो गया काम, जय श्री राम। '

MCD चुनाव के बाद आप पार्टी में जश्न का माहौल है, कार्यकर्ता नाच-गा रहे हैं और खुशी मना रहे हैं। उपचुनाव में 5 में से 4 सीटों पर जीतने के बाद आम आदमी पार्टी ने ट्वीट किया है कि दिल्ली ने 2022 में बीजेपी को एमसीडी से बाहर करने का फैसला कर लिया है तो वहीं शानदार जीत के बाद डेप्युटी सीएम मनीष सिसोदिया ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। तो वहीं चौहान बांगर वार्ड से कांग्रेस उम्मीदवार जुबेर अहमद ने 10642 वोट से जीत दर्ज की।

मालूम हो कि एमसीडी के पांच वार्डों के लिए 28 फरवरी को मतदान हुआ था। इस बारे में बात करते हुए स्टेट इलेक्शन कमिशन सेक्रेटरी संदीप मिश्र ने मीडिया को जानकारी दी थी कि काउंटिंग सेंटर्स पर कोरोना महामारी से बचने के लिए जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन किया जा रहा है।

ये हैं काउंटिग सेंटर
- वार्ड-002 ई त्रिलोकपुरी की मतगणना पूर्व सर्वोदय कन्या, बाल विद्यालय
- नंबर 1, मंडावली, वार्ड-008 ई, कल्याणपुरी की मतगणना सर्वोदय बाल विद्यालय
- वार्ड -041 ई, चौहान बांगर वार्ड की मतगणना GBSSS, शास्त्री पार्क
- 032N,रोहिणी-सी वार्ड की मतगणना स्कूल ऑफ एक्सीलेंस रोहिणी
- सेक्टर-23 और 062 एन, शालीमार बाग की मतगणना प्रतिभा विद्यालय

मालूम हो कि दिल्ली की पांच जिन सीटों पर उपचुनाव हुए थे, उनमें से 3 सीटें पूर्वी दिल्ली नगर निगम की हैं और दो सीटें उत्तरी दिल्ली नगर निगम की थीं। शालीमार बाग नॉर्थ महिलाओं के लिए आरक्षित सीट थी, जबकि त्रिलोकपुरी और कल्याणपुरी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट थी। रोहिणी सी और चौहान बांगड़ सामान्य सीट थी।
ये हैं प्रत्याशी, जिनकी किस्मत का फैसला आज हुआ
- त्रिलोकपुरी (भाजपा- ओमप्रकाश गुगरवाल, कांग्रेस- बाल किशन और आप- विजय कुमार) -
- कल्याणपुरी (भाजपा-सियाराम कनौजिया, कांग्रेस- धर्मपाल मौर्या और आप- धीरेंद्र कुमार उर्फ बंटी गौतम)
- चौहान बांगड़ (भाजपा- मो. नजीर अंसारी, कांग्रेस- चौधरी जुबेर अहमद और आप- हाजी इशराक) -
- रोहिणी सी (भाजपा- राकेश गोयल, कांग्रेस- मेमबती बरवाला और आप- रामचंद्र) -
- शालीमार बाग नॉर्थ (भाजपा- सुरभि जाजू , कांग्रेस- ममता और आप- सुनीता मिश्रा)