देश की राजधानी में गड्ढे में गिरकर युवक की मौत हादसा नहीं, गंभीर लापरवाही का नतीजा: केजरीवाल
Delhi Latest News: दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सड़क पर खोदे गए गड्ढे में गिरकर एक युवक की मौत को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए हैं। AAP का कहना है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सिस्टम की लापरवाही का नतीजा है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि देश की राजधानी में इस तरह की मौतें प्रशासनिक विफलता को उजागर करती हैं।
जनकपुरी में पीडब्ल्यूडी की सड़क पर दिल्ली जल बोर्ड की ओर से खोदे गए गड्ढे में एक बाइक सवार युवक गिर गया। बताया गया कि युवक पूरी रात उसी गड्ढे में पड़ा रहा और समय पर मदद न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय कमल के रूप में हुई है, जो रोहिणी स्थित एक कॉल सेंटर में काम करता था।

केजरीवाल का आरोप, पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ समय पहले नोएडा में नाले में गिरकर एक युवक की मौत हुई थी, लेकिन उससे भी कोई सबक नहीं लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में बुनियादी ढांचे और सुरक्षा को लेकर गंभीरता की कमी है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
मंत्री और प्रशासन के दावों पर सवाल
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि संबंधित मंत्री आशीष सूद यह दावा कर रहे हैं कि मौके पर सुरक्षा के पूरे इंतजाम थे, जबकि स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बैरिकेडिंग सुबह की गई। उनका आरोप है कि घटना के बाद लीपापोती करने की कोशिश की गई।

परिजनों को रातभर नहीं मिली मदद
AAP का कहना है कि युवक के लापता होने के बाद उसके परिजन और दोस्त पूरी रात उसे ढूंढते रहे। परिवार ने दिल्ली के छह अलग-अलग पुलिस थानों में जाकर मदद मांगी, लेकिन कहीं भी तत्काल मिसिंग रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। पार्टी ने इसे पुलिस की गंभीर लापरवाही बताया है।
लोकेशन डिलीट करने पर उठे सवाल
सौरभ भारद्वाज ने यह सवाल भी उठाया कि दिल्ली पुलिस ने मृतक की आखिरी लोकेशन परिवार को देने के तुरंत बाद डिलीट क्यों कर दी। उन्होंने कहा कि फोन की लोकेशन मिलने के बावजूद समय पर रेस्क्यू नहीं हुआ और इस पूरे मामले में कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं।
सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग
AAP ने मांग की है कि जनकपुरी इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक की जाए, ताकि यह साफ हो सके कि हादसे के समय वहां बैरिकेडिंग थी या नहीं। पार्टी का कहना है कि अगर फुटेज सामने नहीं लाई जा रही है, तो यह संदेह को और गहरा करता है।
AAP का कहना, जवाबदेही तय हो
आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि यह मामला सिर्फ एक परिवार के नुकसान का नहीं, बल्कि राजधानी में नागरिक सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा है। AAP ने साफ कहा कि जब तक जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होगी, ऐसे हादसे दोहराए जाते रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications